मुंबई: हिंदी फिल्मों के महान अभिनेता दिलीप कुमार आज 93 वर्ष के हो गए और वह चेन्नई में आए बाढ़ पीडि़तों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए अपना जन्मदिन शांतिपूर्ण तरीके से मनाएंगे। गौरतलब है कि चेन्नई में हुई मूललाधार बारिश के कारण अडयार और कुंभ नदियां उफान पर आ गई थीं जिसकी वजह से नदी का पानी सड़कों पर पानी भर गया था, जिसने लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी थी। इस बारिश के चलते करीब 300 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी।
कुमार की पत्नी सायरा बानो ने बताया, हम इस वर्ष केवल परिवार के साथ शांतिपूर्वक जन्मदिन बनाएंगे। वह चेन्नई में हुई त्रासदी से दु:खी हैं। यह एक बड़ी त्रासदी है और हमें नहीं लगता कि इस समय कोई भी खुशी मनाना सही होगा। सायरा वैसे भी दिलीप कुमार का जन्मदिन धूमधाम से मनाने के पक्ष में नहीं है क्योंकि उन्हें लगता है कि जब भी उनका जन्मदिन मनाया जाता है तो वह बीमार पड़ जाते हैं।
सायरा ने कहा, मुझे लगता है कि हम जब भी उनका जन्मदिन मनाते हैं, वह बीमार पड़ जाते हैं। मुझे लगता है कि उन्हें किसी की बुरी नजर लग जाती है क्योंकि जन्मदिन मनाते ही उनका स्वास्थ्य बिगड़ जाता है। दिलीप कुमार ने 1944 में ज्वार भाटा फिल्म से अभिनेता के रूप में अपने करियर की शुरूआत की थी जिसका निर्माण बॉम्बे टॉकीज ने किया था।