नई दिल्ली: पंजाबी फिल्मों के अभिनेता-सिंगर दिलजीत दोसांझ ने पिछले दिनों आई विवादित फिल्म 'उड़ता पंजाब' से अपनी बॉलीवुड की पारी शुरु की। इसके फिल्म के बाद दिलजीत दोसांझ के मन में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के प्रति दिलचस्पी भले ही जाग गई हो लेकिन वह यहां नई फिल्में साइन करने को लेकर जल्दबाजी में नहीं हैं। वह ऐसे ही किरदार चुनना चाहते हैं, जिनसे उनके प्रशंसक नाराज न हों।
इसे भी पढ़े:-
- दिलजीत करना चाहते हैं कबड्डी पर आधारित फिल्म में काम
- ‘उड़ता पंजाब’ देखने के बाद इस निर्देशक को हो गई जलन
सिंगर से अभिनेता बने दिलजीत का कहना है कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखते समय वह कोई एजेंडा लेकर नहीं चल रहे थे। दिलजीत ने बताया, "मैं बॉलीवुड को दिमाग में रखकर कुछ नहीं करता। मुझे हाल में कई बॉलीवुड फिल्मों के प्रस्ताव मिले लेकिन मुझे लगता है कि उनमें एक कलाकार के नाते मेरे लिए करने को कुछ खास नहीं था। मेरे प्रशंसक भी इसे पसंद न करते। मैं जल्दबाजी नहीं करना चाहता। मैं अगला जो भी काम करूं, मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि उससे मेरे प्रशंसकों को शर्मिंदगी न हो।"
दिलजीत का कहना है कि अभिषेक चौबे के निर्देशन में बनी फिल्म की रिलीज के बाद शायद उनके प्रशंसकों की संख्या बढ़ी है लेकिन वह अपने साथ सिलेब्रिटी वाला तमगा नहीं लगने देना चाहते। उन्होंने कहा, "मैं एक सेलिब्रिटी की तरह महसूस नहीं करता। मैंने 'उड़ता पंजाब' अपने प्रशंसकों की संख्या बढ़ाने के लिए नहीं की। किसी भी काम को करने से पहले मैं बस यह सोचता हूं कि मेरे प्रशंसकों को यह पसंद आना चाहिए। मैं अपने प्रशंसकों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझता हूं।"