नई दिल्लीः तनु वेड्स मनु रिटर्न्स साल की पहली फिल्म बन गई है जिसने सिर्फ 11 दिनों के अंदर 100 करोड़ रूपये से ज्यादा की कमाई कर ली।
उम्मीद तो थी कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल का प्रदर्शन करेगी लेकिन इस बात का किसी को भी अंदाजा नहीं था कि फिल्म 100 करोड़ के क्लब में शामिल होगी वो भी इतनी जल्दी।
लेकिन सबसे अचंभे वाली बात ये है कि कंगना रनाउत बॉलीवुड की पहली अभिनेत्री बन गई है जिन्होंने अकेले दम पर फिल्म को इस उचाई पर पहुंचाया।
ये भी पढ़ें- क्या कंगना रनाउत बॉलीवुड की लेडी सुपरस्टार बनने की राह पर हैं...?
खिलाड़ी कुमार की इस वर्ष दो फिल्में आई- बेबी और गब्बर- लेकिन दोनों ही फिल्म बॉक्स आफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने में असफल रही।
कुमार के अलावा बॉलीवुड के तीनों खान और ह्रतिक रौशन से ही ज्यादा उम्मीदें की जाती है कि उनकी फिल्में 100 करोड़ की कमाई आसानी से कर लेंगी।
पिछले साल भी इन्हीं अभिनेताओं की फिल्मों जैसे हैप्पी न्यू ईयर, बैंग बैंग, पीके और किक ने ताबड़तोड़ कमाई की थी।
लेकिन इस पुरुष प्रधान सिनेमा में ये पहली बार हुआ है कि किसी अभिनेत्री ने ऐसी श्रेड़ी में सफलतापूर्वक एक जगह बनाई है।
कंगना रनाउत ने अपने लिए एक अलग जगह बनाई है और वो अक़्सर बॉलीवुड की चकाचौंध से दूर ही रहती हैं।
दूसरी अभिनेत्रियों की तरह वो फिल्मों में आईटम नंबर नहीं करतीं या किसी फेयरनेस क्रीम के प्रचार में चमकने में विश्वास नहीं रखती।
इन सबके बावजूद उनकी फिल्म का ऐसा प्रदर्शन एक नए बदलाव को दर्शाता है जो शायद आगे भी देखने को मिले।