1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Movie Review Baywatch: पढ़िए, कैसी है प्रियंका चोपड़ा की फिल्म 'बेवॉच'

Movie Review Baywatch: पढ़िए, कैसी है प्रियंका चोपड़ा की फिल्म 'बेवॉच'

 Published : Jun 02, 2017 03:39 pm IST,  Updated : Jun 02, 2017 03:39 pm IST

'बेवॉच' में सिडक्टिव आवाज के साथ प्रियंका मुझे 'द जंगल बुक' की अजगर ‘का’ की याद दिला रही थीं। याद होगा 'द जंगलबुक' में प्रियंका ने 'का' नाम की अजगर को आवाज दी थी।

baywatch- India TV Hindi
baywatch

फिल्म समीक्षा: प्रियंका चोपड़ा, ड्वेन जॉनसन, जैक एफ्रॉन, एलेग्जेंड्रा, जॉन बास और डेविड हेसेलाफ, एक ही फिल्म में जब इतने सितारे हों तो फिल्म से उम्मीद तो होगी ही। यह फिल्म 90 के दशक के मशहूर टीवी सीरीज 'बेवॉच' का सीक्वल है। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा विलेन के किरदार में हैं इसलिए भारत के दर्शकों को भी फिल्म का बेसब्री से इंतजार था। आइए इस फिल्म की समीक्षा करते हैं। 

यह कहानी फ्लोरिडा के समंदर के किनारे काम करने वाली एक लाइफगार्ड टीम की है। 'बेवॉच' नाम की इस टीम का काम है बीच पर आने वाले लोगों की सुरक्षा करना और लोगों को डूबने से बचाना। टीम के हेड हैं (मिच) ड्वेन जॉनसन। मिच को पता चलता है कि विक्टोरिया लीड्स (प्रियंका चोपड़ा) ड्रग्स का धंधा करती है। विक्टोरिया के पॉलिटिशयन से भी अच्छे संबंध हैं, इसलिए पुलिस भी विक्टोरिया का कुछ नहीं कर पाती है।  विक्टोरिया के ड्रग्स सप्लाई के खेल को खत्म करने के लिए ये बेवॉच टीम आगे आती है, और निकल पड़ती है विक्टोरिया का खात्मा करने।

baywatch
baywatch

सेथ गोर्डन के निर्देशन में बनी इस मल्टीस्टारर फिल्म से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन यह फिल्म दर्शकों को अपनी तरफ लुभाने में नाकामयाब साबित हुई है। फिल्म की कमजोर स्क्रिप्ट की वजह से यह फिल्म अपनी ओर आकर्षित नहीं करती है। फिल्म के कई सीन बेहद फूहड़ और बेवजह हैं।

किसी भी टीम की तरह इस टीम में भी एक समझदार बॉडीबिल्डर हीरो, उसके साथ एक इगो वाला बॉडीबिल्डर हीरो, एक औसत बॉडी-दिमाग वाला शख्स और साथ में कुछ हॉट लड़कियां हैं। बॉलीवुड में भी इस तरह की घिसी-पिटी मूवीज बन चुकी हैं। हैप्पी न्यू ईयर, कमांडो 2, प्लेयर्स जैसी बॉलीवुड फिल्में भी इसी तरह की टीम की तर्ज पर बनी हैं, जो किसी न किसी हॉलीवुड फिल्म की ही कॉपी है।

चाहे हॉलीवुड हो या बॉलीवुड लड़कियों को कुछ खास करने को नहीं मिलता है। इस फिल्म में भी वही होता है। यहां तक की फिल्म की मेन विलेन प्रियंका चोपड़ा को भी बहुत थोड़ा स्क्रीन स्पेस मिला है, उनके पास करने को भी कुछ नहीं होता है। लगता है फिल्ममेकर्स का सारा ध्यान लड़कियों को सिर्फ छोटे कपड़े पहनाकर हॉट दिखाने में था।

baywatch
baywatch

प्रियंका चोपड़ा ने इससे पहले बॉलीवुड फिल्म 'ऐतराज' में निगेटिव रोल निभाया था, सच कहूं तो 'ऐतराज'  प्रियंका इस फिल्म से कहीं बेहतर थीं। '7 खून माफ' और 'अंदाज' जैसी फिल्मों में भी ग्रे प्रियंका अपने ग्रे शेड अवतार में प्रभावित कर चुकी हैं। लेकिन इस फिल्म में सिडक्टिव आवाज के साथ प्रियंका मुझे 'द जंगल बुक' की अजगर ‘का’ की याद दिला रही थीं। याद होगा 'द जंगलबुक' में प्रियंका ने 'का' नाम की अजगर को आवाज दी थी।

फिल्म में कोई सस्पेंस भी नहीं है, आप आसानी से पूरी फिल्म गेस कर सकते हैं।

अगर आप हॉलीवुड फिल्मों के शौकीन हैं तो आपको बता दूं इस फिल्म में आपके देखने के लिए कुछ नहीं है। अगर आप हॉलीवुड फिल्में नहीं देखते हैं तब तो आपको 'बेवॉच' देखने की जरूरत ही नहीं है।

फिल्म के कुछ सीन, विजुअल इफेक्ट और लोकेशन अच्छे हैं, इस फिल्म को मेरी तरफ से 1.5 स्टार।

Twitter: @JyotiiJaiswal

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन