नई दिल्ली: 'बाहुबली' से लोकप्रियता हासिल करने वाले प्रभास इन दिनों अपनी इस फिल्म के दूसरे भाग की तैयारी में व्यस्त हैं। इसके अलावा प्रभास एक फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं जिसका नाम अब तय नहीं किया गया है। इस आगामी तेलुगू फिल्म की पूरी शूटिंग विदेश में होगी। यह एक बड़े बजट की फिल्म होगी। निर्माता फिलहाल लोकेशन्स पर फैसला ले रहे हैं। फिल्म के निर्देशक राधा कृष्ण कुमार ने कहा, "शूटिंग जनवरी 2017 से शुरू होगी। पूरी फिल्म की शूटिंग विदेश में होगी और हम लोकेशन्स पर फैसला ले रहे हैं। यह एक प्रेम कहानी होगी और अभी हमने मुख्य नायिका का चयन नहीं किया है।"
इसे भी पढ़े:-
यह पूछे जाने पर कि क्या किसी मशहूर अभिनेत्री पर विचार किया जा रहा है, निर्देशक ने कहा, "संभावना है कि हम किसी नवोदित अभिनेत्री को लेंगे। हम अभी ऑडिशन ले रहे हैं। अगले कुछ सप्ताह में शायद हम अभिनेत्री पर फैसला ले लेंगे।"
प्रभास को फिल्म पिछले साल रिलीज हुई फिल्म 'बाहुबली: द बिगनिंग' के लिए दर्शकों से काफी सराहना हासिल हुई थी। इसके दूसरे भाग के लिए भी फिल्म की स्टार कास्ट काफी मेहनत कर रही है। 'बाहुबली: द कॉनक्ल्यूजन' के लिए प्रभास पिछली फिल्म से कई गुना ज्यादा पसीना बहा रहे हैं। खबरों के अनुसार यह अगले साल अप्रैल में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।