नई दिल्ली: सुपरस्टार राजेश खन्ना की आज चौथी पुण्यतिथि है। उनकी मृत्यु 18 जुलाई 2012 को हुई थी। काका को उनके गजब अंदाज के लिए आज भी याद किया जाता है। राजेश खन्ना की डिंपल कपाडिया से शादी के बारे में सभी जानते हैं, लेकिन शायद ही किसी को पता होगा कि उनकी शादी डिंपल के साथ होने से पहले उन्हें दिग्गज फैशन डिजाइनर और अभिनेत्री अंजू महेंद्रू से प्यार हुआ था, लेकिन 7 साल तक कायम रहे इस रिश्ते के टूटने के बाद वे 17 साल तक एक-दूसरे के संपर्क में नहीं रहे। इस बीच, अभिनेता ने मार्च, 1973 में अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया से शादी कर ली थी।
इसे भी पढ़े:-
- अब नहीं नज़र आएगा राजेश खन्ना का ‘आशीर्वाद’
- ‘जतिन’ से सुपरस्टार राजेश खन्ना बन गए काका, खून से खत लिखा करती थीं लड़कियां
- जब काका की बेचैनी पर पंचम दा ने गुनगुनाया ये गीत
फिल्म जगत में 1969 से 1971 के दशक में लगातार 15 हिट फिल्में देने वाले दिवंगत अभिनेता राजेश खन्ना का रिकॉर्ड अब भी बरकरार है। 1966 में रिलीज हुई फिल्म 'आखिरी खत' से बॉलीवुड में कदम रखने वाले अभिनेता ने अपने फिल्मी करियर में 160 फीचर फिल्म और 17 लघु फिल्मों में काम किया।
तीन बार अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए फिल्मफेयर के सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीतने वाले राजेश खन्ना का जन्म 29 दिसंबर,1942 में अमृतसर में हुआ था। हालांकि, राजेश को उनके जैविक माता-पिता के रिश्तेदार चुन्नी लाल खन्ना और लीला वती खन्ना ने पाला-पोसा। उनके असली माता-पिता का नाम लाला हीरानंद और चंद्रानी खन्ना था।
सेंट सेबेस्टियन गोवा हाई स्कूल से जीतेंद्र के साथ स्कूल की पढ़ाई खत्म करने के बाद राजेश ने थियेटर का रुख किया। अपने स्कूल और कॉलेज के दिनों में उन्होंने कई नाटकों में अपने अभिनय के दम पर पुरस्कार भी जीते। राजेश की एक खास बात यह भी थी कि वह उन कम लोगों में से थे, जो 1960 के दशक में अपनी नई एमजी स्पोर्ट कार से थियेटर पहुंचते थे।