मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव इन दिनों हंसल मेहता के निर्देशन में बनने जा रही फिल्म सिमरन को लेकर चर्चा में आ गए हैं। खबरों के अनुसार इस फिल्म में उनके साथ कंगना रनौत मुख्य किरदार निभाती हुई नजर आएंगी। इस फिल्म को लेकर ज्यादा बात न करते हुए राजकुमार ने बताया, "हंसल मेहता इस तरह की कुछ योजना बना रहे हैं। फिल्म का नाम 'सिमरन' है। इसके बारे में कुछ भी कहना जल्दीबाजी होगी। मुझे कुछ कहने की अनुमति नहीं है।"
इसे भी पढ़े:-
वैसे ऐसा पहली बार नहीं होने जा रहा जब किसी फिल्म में राजकुमार और हंसल मेहता साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले इनकी जोड़ी 'शाहिद', 'सिटीलाइट्स' और 'अलीगढ़' जैसी फिल्मों में कमाल दिखा चुकी है और अब वह उनकी नई पटकथा पर भी साथ काम करने जा रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या वह कंगना रनौत के साथ रोमांस करते नजर आएंगे तो उन्होंने कहा, "देखते हैं। मैं इस बारे में बात नहीं कर सकता।" कंगना और राजकुमार इससे पहले विकास बहल के निर्देशन में बनी फिल्म 'क्वीन' में भी साथ रोमांस करते हुए नजर आ चुके हैं।
कहा जा रहा है 'सिमरन' एक सत्य घटना पर आधारित फिल्म होगी। इसमे एक एनआरआई नर्स बैंक लूटने की योजना बनाती है जिसे बाद में यूएस में 66 महीनों के लिए जेल की सजा सुना दी जाती है।
फिलहाल कंगना इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'रंगून' की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके अलावा शाहिद कपूर और सैफ अली खान भी मुख्य किरदारों में नजर आएंगे।