मुंबई: टीवी की जानी मानी अदाकारा प्रत्युषा बनर्जी की मौत के बाद आए दिन उन्हें लेकर कोई न कोई नया बयान आ ही जाता है। इन मामले में हर दिन नए मोड़ आ रहे हैं। परिवार से लेकर दोस्तों तक हर कोई उनके बारे में कुछ बोलता ही नजर आ रहा है। लेकिन हाल ही में प्रत्युषा के दोस्त कुश्तीबाज-अभिनेता संग्राम सिंह ने इस बात पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि, उनकी अभिनेत्री दोस्त प्रत्युषा बनर्जी की मौत की खबर 'दिल तोड़ने' वाली है, लेकिन उससे भी कहीं तकलीफदायक इस घटना से लोगों को अपना स्वार्थ साधते देखना है।
इसे भी पढ़े:- प्रत्युषा सुसाइड केस: ब्वॉयफ्रेंड राहुल के वकील ने छोड़ा साथ
संग्राम ने रुंधे गले से कहा, "मैं बहुत दुखी हूं कि इस दुखद घटना के वक्त यहां नहीं था। मैं जब दक्षिण अफ्रीका से लौटा, तो मैं सिर्फ उनकी शोक सभा में शामिल हो सका। मैं उनके माता-पिता को उस स्थिति में देखकर बहुत दुखी हूं।"
उन्होंने कहा, "किसी भी मां-बाप के लिए अपनी इकलौती औलाद का मरा मुंह देखना ठीक नहीं है। प्रत्युषा की मां मुझे मेरी मां की याद दिलाती हैं। एक सीधी-सादी महिला, जो यह समझने की कोशिश कर रही है कि उसकी बच्ची के साथ क्या हुआ था। यह तकलीफदायक है।"
संग्राम ने कहा कि इससे भी कहीं ज्यादा तकलीफदायक टेलीविजन जगत के कुछ लोगों को इस दुखद घटना का इस्तेमाल अपना स्वार्थ साधने के लिए करते देखना है। उन्होंने कहा, " प्रत्युषा की ओर से मीडिया से बात करने वाले ये दोस्त कौन हैं? और मीडिया इन लोगों के नाटक को भाव क्यों दे रही है?..उन लोगों पर धिक्कार है, जो इस दुखद घटना का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ रो, गा व चिल्ला रहे हैं।"