मुंबई: बॉलीवुड के किंग कहे जाने वाले शाहरुख खान अपनी फिल्मों को लेकर काफी व्यस्त रहते हैं। इसके कारण वह अपने परिवार और दोस्तों के साथ भी वक्त नहीं बिता पाते हैं। लेकिन शाहरुख को जब भी अपने काम से थोड़ी फुरसत मिलती है वह अपने बच्चों के साथ इस समय को व्यतीत करते हैं। हाल ही में सुपरस्टार शाहरुख खान ने आखिरकार अपनी व्यस्त दिनचर्या में से समय निकालकर कुछ समय अपने बच्चों के साथ बिताया।
इसे भी पढ़े:- 'फैन' में शानदार अभिनय के बदले जानिए क्या मांग रहे हैं शाहरुख खान
शाहरुख इन दिनों अपनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'फैन' के प्रचार और राहुल ढोलकिया की 'रईस' की शूटिंग में मशरूफ हैं। शाहरुख ने ट्विटर पर लिखा, "कई दिनों बाद अपने घर पर अपने बच्चों के साथ हूं...सिर्फ टीवी देख रहा हूं...गाने सुन रहा हूं...और बातें कर रहा हूं...सर्वश्रेष्ठ छुट्टी...जिसकी काफी जरूरत थी...।" मनीष शर्मा के निर्देशन में बनी फिल्म 'फैन' में शाहरुख ने दो भूमिकाएं निभाते हुए नजर आ रहे हैं। एक किरदार में वह सुपरस्टार आर्यन खन्ना और दूसरे में वह उसके सबसे बड़े फैन गौरव के किरदार में दिखे हैं। शाहरुख को फिल्म में उनके शानदार अभिनय के लिए काफी सराहना मिल रही है।
शाहरुख की आने वाली फिल्म राहुल ढोलकिया की 'रईस' है। फिल्म 1980 के दशक के गुजरात पर आधारित है। यह शराब तस्कर 'रईस' खान (शाहरूख खान) की कहानी है। जिसके कारोबार को एक पुलिस अधिकारी चौपट कर देता है। पुलिस अधिकारी की भूमिका में नवाजुद्दीन सिद्दीकी नजर आएंगे।
फिल्म में पाकिस्तानी अदाकारा माहिरा खान भी नजर आएंगी । फिल्म के निर्माता रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर और गौरी खान हैं।