नई दिल्ली: बॉलीवुड के बादशाह खान यानी शाहरुख खान को अब एक ‘डर’ सता रहा है। अपने इस डर को दूर करने के लिए वो सलमान खान से मदद मांगने को तैयार हैं। हालांकि कुछ दिनों पहले तक इन दोनों सितारों में से कोई भी अपने कदम पीछे खींचने को तैयार नहीं था। लेकिन अब शाहरुख खान कुछ नरम हो गए हैं। वो चाहते हैं कि दो बड़े बजट और स्टार की फिल्में एक ही दिन रिलीज न हों। आपको बता दें कि शाहरुख खान की फिल्म ‘रईस’ और सलमान खान की फिल्म ‘सुल्तान’ एक ही दिन रिलीज होने जा रही हैं। ऐसे में इन दोनों फिल्मों में से किसी एक का बिजनेस प्रभावित हो सकता है।
तो क्या सलमान के स्टारडम से डरे शाहरुख:
सूत्रों की माने तो शाहरूख, सलमान खान के स्टारडम से डरे हुए हैं और उन्हे डर है कि कहीं सलमान का स्टारडम सुल्तान को हिट कराकर उनकी फिल्म रईस के बिजनेस को प्रभावित न कर दे। सलमान की हर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही है। हालात ये हैं कि सलमान का फिल्म में होना ही सफलता की गारंटी माना जाने लगा है। ऐसे में शाहरुख की चिंता वाजिब है। शाहरुख फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर सलमान का मुकाबला करने के मूड में नहीं हैं और वो चाहते हैं कि फिल्मों की डेट को आगे किया जाए।
सुल्तान के प्रोड्यूसर से बात कर रहे हैं शाहरुख:
शाहरुख ने बताया कि वो सुल्तान के प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा से बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “आदित्य मेरे परिवार के सदस्य की ही तरह हैं, फरहान अख्तर (रईस के प्रोड्यूसर) से भी मेरे अच्छे रिश्ते हैं। मैं आदित्य और सलमान से भी बात करूंगा। मेरी फरहान से भी बात हुई है। अगर हम दोनों में से किसी एक फिल्म की डेट बदल कर सकें।”
गौरतलब है कि संजय लीला भंसाली की फिल्म बाजीराव मस्तानी और रोहित शेट्टी की फिल्म दिलवाले एक ही दिन टकराईं थीं। इस तकरार में दिलवाले को नुकसान हुआ था। ऐसे में शाहरुख नहीं चाहते कि दोबारा ऐसा हो।