चेन्नई: 'चश्मेबद्दूर' एवं 'बेबी' जैसी हिदी फिल्मों में अभिनय कर चुकीं अभिनेत्री तापसी पन्नू आगामी तमिल फिल्म 'कान' में पहली बार पुलिसकर्मी की भूमिका निभाने जा रही हैं। तापसी ने आईएएनएस को बताया, "मैं फिलहाल दो तमिल फिल्में कर रही हूं और दोनों एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। एक पारिवारिक फिल्म है, जिसमें मैं एक ऐसी लड़की की भूमिका में हूं, जो कुंभकोणम (तमिलनाडु) की रहने वाली है। दूसरी फिल्म मारधाड़ वाली है, जिसमें मैं एक पुलिसकर्मी बनी हूं, जो एक मिशन पर है।"
तापसी ने दो मई को अपने ट्विटर पेज पर यह बात बताई थी कि वह निर्देशक थिरू की तमिल फिल्म में तमीजचेल्वी नामक किरदार निभा रही हैं। फिल्म की कहानी कुंभकोणम की पृष्ठभूमि लिए है।
'कान' में तापसी की जोड़ी अभिनेता सिलांबरासन उर्फ सिंबू के साथ है। इसमें कैथरीन ट्रेसा भी मुख्य भूमिका में हैं।