मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘बेफिक्रे’ के प्रमोशन में काफी व्यस्त हैं। आदित्या चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता रणवीर सिंह भी मुख्य किरदार में नजर आ रहे हैं। वाणी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 2013 में आई फिल्म ‘शुद्ध देसी रोमांस’ से की थी। वाणी को दूसरी हिंदी फिल्म पाने में 3 साल का वक्त लग गया, लेकिन इस बात ने उन्हें विचलित नहीं किया। यश राज के बैनर तले बनी रोमांटिक-हास्य फिल्म ‘शुद्ध देसी रोमांस’ से शुरूआत करने के बाद वाणी इस बीच 2014 में आई फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ की तेलुगू रिमेक ‘आहा कल्याणम’ में भी नजर आईं।
इसे भी पढ़े:-
- आदित्या चोपड़ा के साथ काम करने को लेकर वाणी कपूर ने कही ये बात
- तो इसलिए ‘बेफिक्रे’ में रणवीर-वाणी के बीच रहा अच्छा तालमेल
वाणी ने बताया, “इस बात को लेकर मैं कभी अधिक सोच में नहीं पड़ी कि क्या होगा। क्या होगा अगर मुझे घर पर इंतजार करना पड़े। ऐसा सिर्फ इसलिए हुआ क्योंकि ‘शुद्ध देसी...’ के बाद आदित्य हमेशा मेरे साथ बातचीत कर रहे थे और मुझे आश्वस्त करते कि मुझे लेकर उनके दिमाग कुछ है और वह मेरे लिए किसी सही फिल्म का इंतजार कर रहे हैं।“ अभिनेत्री ने कहा कि, “ऐसा नहीं था कि मेरे पास फिल्मों के प्रस्ताव नहीं आ रहे थे। इस दौरान कुछ फिल्मों के प्रस्ताव आए, लेकिन उन्होंने मुझे कुछ खास अपील नहीं किया।“
वाणी ने कहा, “जिन फिल्मों के प्रस्ताव मुझे मिले, मैं उनका हिस्सा नहीं बनना चाहती थी। बतौर अभिनेत्री इन फिल्मों से मैं पूरी तरह संतुष्ट नहीं थी। मुझे लगा कि वे उतनी बेहतर और रोमांच पैदा करने वाली नहीं थीं। मेरे लिए आदि के शब्द बेहद महत्व रखते हैं। अगर मेरा मार्गदर्शक मुझे इंतजार करने के लिए कहता है तो इसमें जरूर कुछ अच्छा ही होगा।“ और फिर महीनों के इंतजार के बाद वाणी को चोपड़ा से सुखद आश्चर्य मिला।
उन्होंने बताया, “एक दिन उन्होंने मुझे कहा, मैं एक फिल्म निर्देशित करने जा रहा हूं। मैं बस इतना कह पाई, सच में क्या? उन्होंने कहा, आप भी इसमें हैं। वैसे तो उनकी इस बात से मैं चौंकी नहीं। लेकिन इसे समझने में मुझे काफी वक्त लगा कि मैं आदित्य चोपड़ा की फिल्म में हूं।“
उन्होंने कहा, फिल्म ‘बेफिक्रे’ उन्मुक्त प्यार, मौज मस्ती और भावनाओं के आवेग को दिखाती है। ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘मोहब्बतें’ और ‘रब ने बना दी जोड़ी’ जैसी फिल्में बनाने के लिए मशहूर चोपड़ा की इस फिल्म की झलकियां और प्रोमो पूरी तरह से उनके स्टाइल से जुदा हैं।