मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'ढिशूम' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। वह अब तक की अपनी फिल्मो में गंभीर और कॉमेडी दोनों ही तरह की भूमिकाएं कर चुके हैं। इसके वजह से उन्होंने फिल्म समीक्षकों और आम जनता के दिलों में अपने लिए एक खास जगह भी बना ली है। वरूण का कहना है कि उनका फिल्मों के चयन का तरीका काफी मिलाजुला है। इसे लेकर उन्होंने खुद की तुलना ‘पॉकेमोन’ से भी कर डाली है।
इसे भी पढ़े:-
- ‘ढिशूम’ को इस तरह ऑनलाइन लीक होने से बचाने की तैयारी में है टीम
- जैकलिन ने कहा, ‘झलक’ में जज होना बड़ी जिम्मेदारी
- ‘ढिशूम’ में परिणीति के डांस पर जैकलिन ने कही ये बात
वरूण ने कहा, “मेरे निर्णय काफी मिले जुले हैं। मैंने ‘मैं तेरा हीरो’ की फिर ‘बदलापुर’ इसके तुरंत बाद डांस आधारित फिल्म और फिर रोहित शेट्टी की फिल्म की। मैं अलग-अलग तरह की फिल्में करना चाहता हूं क्योंकि यह मुझे उत्साहित करता है। मैं अगर एक ही तरह की फिल्में करूंगा तो यकीनन ऊब जाऊंगा।“
वरूण धवन की आने वाली फिल्म ‘ढिशूम’ इस शुक्रवार को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। इसका निर्देशन उनके भाई रोहित धवन ने किया है। फिल्म में उनके साथ जॉन अब्राहम और जैकलीन फर्नांडीज भी मुख्य किरदारों में नजर आ रहे हैं। अपनी पहली एक्शन फिल्म होने के कारण वरुण इसे एक बड़ी जिम्मेदारी मानते हैं।
उन्होंने कहा, “ढिशूम मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी.. एक बड़ी चुनौती है। फिल्म का अच्छा होना और बॉक्स ऑफिस पर सफलता दोनों ही जरूरी है। अगर आप दबाव महसूस नहीं भी करना चाहते...तो भी कुछ लोग आपको दबाव में डाल देते हैं। मैं सिर्फ यहीं सोच सकता हूं कि फिल्म अच्छी है या बुरी। कमाई के आंकड़ों की चिंता करना निर्माताओं का काम है। मैं फिल्म के रचनात्मक भाग का हिस्सा हूं।“
वरूण ने अपने भाई के साथ काम करने का अनुभव शेयर करते हुए कहा कि हम अपने निजी रिश्ते को फिल्म सेट पर नहीं ले जाते और सेट पर रोहित उनके साथ किसी भी अन्य अभिनेता की तरह ही व्यवहार करते थे। ‘एबीसीडी’ के अभिनेता ने फिल्म चयन पर कहा, “मैं अपनी फिल्मों को लेकर निर्णय स्वयं ही लेता हूं इसलिए वे एक जैसी नहीं होती। मैं किसी निश्चित मार्ग पर नहीं चलता। मैं कुछ-कुछ ‘पॉकेमोन’ जैसा हूं। मैं हमेशा भागता रहता हूं।“












