हृदय हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है, और इसका सही तरीके से काम करना जीवन के लिए अनिवार्य है। लेकिन जब हृदय की धमनियों में ब्लॉकेज हो जाता है, तो यह स्थिति गंभीर हो सकती है और समय पर पहचान जरूरी होती है। हार्ट ब्लॉकेज तब होता है जब कोरोनरी धमनियों में वसा, कोलेस्ट्रॉल या अन्य पदार्थ जमा होकर रक्त प्रवाह को बाधित करते हैं, जिससे हृदय को पर्याप्त ऑक्सीजन और पोषक तत्व नहीं मिल पाते। पीएसआरआई अस्पताल में स्थित वरिष्ठ सलाहकार, कार्डियोलॉजी डॉ. रवि प्रकाश, बता रहे हैं हार्ट ब्लॉकेज होने पर कौन से लक्षण दिखते हैं और उसके संकेतों को कैसे पहचानें?
सीने में दर्द होना: सबसे सामान्य और प्रमुख लक्षण है सीने में दर्द या दबाव महसूस होना। यह दर्द अक्सर छाती के बीच में होता है और गर्दन, कंधे, पीठ या बांहों में फैल सकता है। इसे मेडिकल भाषा में “एंजाइना” कहा जाता है। यह दर्द आमतौर पर शारीरिक मेहनत या तनाव के दौरान बढ़ता है और आराम करने पर कम हो जाता है।
सांस फूलना: सांस फूलना एक और महत्वपूर्ण संकेत है। जब हृदय ठीक से काम नहीं करता, तो फेफड़ों को भी ऑक्सीजन की आपूर्ति में बाधा आती है, जिससे व्यक्ति को बिना किसी अधिक मेहनत के भी सांस लेने में कठिनाई हो सकती है।
थकान महसूस होना: अत्यधिक थकावट, विशेष रूप से रोजमर्रा के हल्के कार्यों के बाद थकान महसूस होना भी हार्ट ब्लॉकेज का लक्षण हो सकता है। इसके अलावा चक्कर आना, पसीना आना, और मतली या उल्टी जैसा महसूस होना भी कुछ लोगों में नजर आता है।
यदि आपको बार-बार छाती में भारीपन या दर्द होता है, सीढ़ियां चढ़ने या थोड़ी दौड़ लगाने पर सांस फूलती है, या आप सामान्य से अधिक थकान महसूस करते हैं, तो यह संकेत हो सकते हैं कि आपके हृदय में कोई रुकावट हो रही है। विशेषकर यदि आपके परिवार में हृदय रोग का इतिहास है, या आप डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, धूम्रपान या मोटापे से ग्रस्त हैं, तो आपको और भी सतर्क रहना चाहिए।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
संपादक की पसंद