नई दिल्ली: तेल कंपनियों ने एक बार फिर आम आदमी को राहत प्रदान करते हुए पेट्रोल और डीजल के दामों में कटौती की है। पेट्रोल और डीजल की कीमत क्रमश: 80 पैसे प्रति लीटर और 1.30 रुपये प्रति लीटर घटा दी गई है।
यह जानकारी सरकारी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने एक बयान जारी कर दी। कंपनी के बयान में कहा गया है कि कीमतों में हुआ यह बदलाव 15 अप्रैल और 16 अप्रैल की दरम्यानी रात से लागू होगा।
इस बदलाव के बाद दिल्ली में पेट्रोल मूल्य प्रति लीटर 59.20 रुपये और डीजल मूल्य प्रति लीटर 47.20 रुपये रहेगा। कंपनी ने कहा कि दूसरे राज्यों में भी स्थानीय कर को समायोजित करते हुए इसी तरह से कीमतों में बदलाव होगा।
बयान में कहा गया कि अंतर्राष्ट्रीय तेल मूल्य में गिरावट के रुझान और रुपये-डॉलर विनिमय दर के मुताबिक यह बदलाव किया गया है।
इससे पहले 1 अप्रैल को पेट्रोल और डीजल के दामों में कटौती की गई थी। तब पेट्रोल 49 पैसे जबकि डीजल 1.21 पैसे प्रति लीटर सस्ता हुआ था।
वहीं 28 फरवरी को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी करने का फैसला किया गया था।