नई दिल्ली: मादक पदार्थों का एक गिरोह चलाने में कथित संलिप्तता के आरोप में एक नाइजीरियाई नागरिक और पंजाब निवासी दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की दिल्ली क्षेत्रीय इकाई ने पंजाब के युवकों को मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले एक नेटवर्क का कल भंडाफोड़ किया था और एजेंसी ने तकरीबन 825 ग्राम प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किया था।
उन्होंने कहा कि एनसीबी के अधिकारियों ने नाइजीरियाई की पहचान इफआई ओकाफॉर (36) के तौर पर की है जो कारोबारी वीजा पर भारत आने के बाद यहां के उत्तम नगर इलाके में किराए पर रह रहा था। उसका वीजा इस साल मई में खत्म हो गया था।
पंजाब के युवकों की शिनाख्त मुक्तसर निवासी रिमपु (35) और बलविंदर एस (35) के तौर पर हुई है।
एनसीबी के जोनल निदेशक रोहित शर्मा ने दावा किया कि ओकाफॉर ने बताया कि चार साल पहले जब वह भारत आया था तब से वह मादक पदार्थां का कारोबार कर रहा है। वह सभी तरह के मादक पदार्थ का कारोबार करता है।
उन्होंने कहा कि तीनों को कल तब गिरफ्तार किया गया जब वे उत्तम नगर इलाके में 25 ग्राम हेराइन की ऑकाफॉर से खरीद कर रहे थे। शर्मा ने कहा कि ओकाफॉर पंजाबी युवकों को मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले बड़े आपूर्तिकर्ताओं में से एक है। पंजाबी युवक दिल्ली उससे प्रतिबंधित पदार्थ लेने आते थे।
उन्होंने कहा कि एजेंसी को इस बारे में खासतौर पर गुप्त सूचना मिली थी और वह पिछले दो महीने से ओकाफॉर की तलाश में थे।
एनसीबी ने दावा कि रिमपू ने बताया कि उसे पंजाब में उचित कीमत पर उच्च गुणवत्ता के मादक पदार्थ नहीं मिल रहे थे। इसलिए वह उन्हें दिल्ली से प्राप्त कर रहा था।