1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 3 STATES: तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में सोमवार को विधानसभा चुनाव

3 STATES: तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में सोमवार को विधानसभा चुनाव

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 15, 2016 06:56 pm IST,  Updated : May 15, 2016 08:47 pm IST

तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में मतगणना 19 मई को होगी। पश्चिम बंगाल और असम समेत इन राज्यों में पिछले दो महीने से प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार गर्मी में चुनाव प्रचार में जुटे हुए थे।

Election
- India TV Hindi
Election

चेन्नई: तमिलनाडु और केरल में सोमवार को विधानसभा चुनाव होंगे जिसमें दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों जयललिता और ओमन चांडी एवं उनके चिर प्रतिद्वंद्वियों क्रमश: एम करूणानिधि और वी एस अच्युतानंदन के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। इन दोनों ही राज्यों में बहुकोणीय मुकाबला होगा। पुडुचेरी में भी सोमवार को ही विधानसभा चुनाव होगा।

तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में मतगणना 19 मई को होगी। पश्चिम बंगाल और असम समेत इन राज्यों में पिछले दो महीने से प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार गर्मी में चुनाव प्रचार में जुटे हुए थे। इन विधानसभा चुनावों को मिनी आम चुनाव माना जा रहा है। भाजपा तमिलनाडु और केरल में पदार्पण करने में जुटी है जबकि तमिलनाडु में अब तक सत्ता क्रमश: अन्नाद्रमुक और द्रमुक के बीच तथा केरल में कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और माकपा नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के बीच ही आती जाती रही है।

तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक सुप्रीमो जयललिता और करूणानिधि के अलावा चुनावी मैदान में मुख्यमंत्री पद के दो अन्य उम्मीदवार- अभिनेता से नेता बने डीएमडीके-पीडब्ल्यूएफ-टीएमसी गठजोड़ के विजयकांत और पीएमके के अंबुमणि रामदास भी हैं। राज्य में 3740 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कुल 234 निर्वाचन क्षेत्रों में से 233 में ही मतदान होगा क्योंकि चुनाव आयोग ने करूर के अरवाकुरिची विधानसभा क्षेत्र में मतदान मतदाताओं को रिश्वत देने से संबंधित उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों की गैर कानूनी गतिविधियों के कारण 23 मई के लिए टाल दिया है। इस सीट के मतों की गिनती 25 मई को होगी।

चुनाव अधिकारियों ने तमिलनाडु में बिना लेखा जोखा के 100 करोड़ रुपए से अधिक नकद जब्त किया जो उन पांच राज्यों में सबसे अधिक हैं जहां पिछले महीने विधानसभा चुनाव हुए हैं। एक लाख से अधिक पुलिस और अद्धसैनिक कर्मी राज्य में 65,000 मतदान केंद्रों की चौकसी संभालेंगे। राज्य में बहुकोणीय मुकाबला है और उनमें भाजपा भी है।

जयललिता लगातार दूसरी बार सत्ता में पहुंचने की जुगत में हैं जबकि 2011 के विधानसभा चुनाव और 2014 के लोकसभा चुनाव में करारी मात खा चुके करूणानिधि अपनी पार्टी द्रमुक को सत्ता में पहुंचाने की कोशिश में जुटे हैं। ये दोनों क्रमश: आर के नगर और तिरूवरूर सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। आर के नगर निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 45 उम्मीदवार हैं तथा द्रमुक (शिमला मुथुचोलझान) तथा वीसीके (वसंती देवी) ने भी जयललिता से टक्कर लेने के लिए महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा के एम एन राजा भी चुनाव मैदान में हैं।

भाजपा के उम्मीदवारों में उसके राष्ट्रीय सचिव एच राजा और प्रदेश अध्यक्ष तमिलिसाई सौंदर्यराजन शामिल हैं। खुद को विकल्प के तौर पर तीसरे मोर्चे के रूप पेश करते हुए डीएमडीके, पीपुल्स वेलफेयर फ्रंट (वाइको के एमडीएमके, माकपा, भाकपा, वीसीके) और जी के वास की अगुवाई वाली तमिल मनीला कांग्रेस के गठबंधन ने द्रमुक और अन्नाद्रमुक दोनों को ही निशाना बनाया है जिन्होंने हाल के दशकों में एक के बाद एक कर शासन किया। इस गठबंधन ने बदलाव पर जोर दिया। तमिलनाडु को आम तौर पर इस बात के लिए जाना जाता है कि वहां 1967 से दो द्रविड़ दल - द्रमुक और अन्नाद्रमुक को एक एक कर निर्वाचित होते रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत