नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में 10 हजार महिलाएं बाबा रामदेव के साथ बुर्के में योग करेंगी। वैसे तो बाबा रामदेव अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 17 से 21 जून तक फरीदाबाद में योग शिविर का आयोजन कर रहे हैं मगर 18 जून को बाबा एक दिन के लिए महिलाओं के योग शिविर के लिए विशेष रूप से दुबई जाएंगे।
भारतीय काउंसिल जनरल अनुराग भूषण ने कहा कि मेजबान देश के अलावा सऊदी अरब, कनाडा और चीन जैसे देशों से भी लगभग 20 हजार लोग इकट्टा होंगे। यह कार्यक्रम 18 जून को दुबई में विश्व व्यापार केंद्र के हॉल नंबर 1 से 4 और शेख सईद हॉल में उसी दिन इफ्तार के बाद होगा।
भारत में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पिछले साल पहली बार नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया था।
इस साल फिर देश और विदेश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इस बार मध्य पूर्व में दुबई को आयोजन स्थल बनाया गया है। आयोजकों ने बताया पिछले साल दुबई में 50 देशों के करीब 10 हजार लोगों ने हिस्सा लिया था।
बताया जा रहा है कि पिछली बार की तरह इस बार भी विश्व योग दिवस बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए बाकायदा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू है। आयुष मंत्रालय इसे सफल बनाने के लिए आठ करोड़ रुपये खर्च करने जा रहा है जबकि पंजाब और हरियाणा की राज्य सरकारें और नगर निकाय इस पर अलग से खर्च करेगी।