बेंगलुरू : शहर में बुधवार को हालात सामान्य होने के बाद पुलिस ने कर्फ्यू हटा लिया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर कर्नाटक ने तमिलनाडु के लिए कावेरी से जल छोड़ा था जिसके विरोध में यहां दो दिनों तक हिंसा का दौर जारी रहा था।
गृहमंत्री जी. परमेश्वर ने गड़बड़ी वाले क्षेत्रों का दौरा करने के बाद यहां संवाददाताओं से कहा, "पूरे शहर में सबकुछ सामान्य हो गया है। उत्तर पश्चिम और दक्षिण पश्चिम उपनगरों के सभी 16 पुलिस थाना क्षेत्रों से कर्फ्यू हटा लिया गया है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है हालांकि निषेधाज्ञा अभी जारी रहेगी।"
मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि इसके बाद शहर में और हिंसा या बंद नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था सख्त बनी रहेगी और किसी अवांछित घटना को रोकने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ करीबी नजर रखी जा रही है।
राज्य परिवहन निगम को तमिलनाडु एवं अन्य राज्यों के लिए बस सेवा का संचालन शुरू करने का निर्देश दिया गया है। सोमवार को हिंसा शुरू होने के बाद विगत तीन दिनों से आंशिक कर्फ्यू लगा हुआ था। हिंसा के दौरान पुलिस की गोली से एक व्यक्ति की मौत हो गई और शहर भर में ट्रकों एवं बसों सहित 78 वाहन जला दिए गए।