1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केरल के मंत्री को सऊदी अरब जाने की जरूरत नहीं: भाजपा

केरल के मंत्री को सऊदी अरब जाने की जरूरत नहीं: भाजपा

 Written By: India TV News Desk
 Published : Aug 06, 2016 05:12 pm IST,  Updated : Aug 06, 2016 05:12 pm IST

सऊदी अरब जाने के लिए केरल के मंत्री को राजनयिक पासपोर्ट देने से मना करने में राजनीति करने से इंकार करते हुए भाजपा की राज्य इकाई ने आज कहा कि यह कूटनीति का मामला है और सऊदी में बेरोजगार केरल के लोगों की समस्याओं का दो केंद्रीय मंत्री समाधान कर रहे हैं

BJP
- India TV Hindi
BJP

तिरूवनंतपुरम: सऊदी अरब जाने के लिए केरल के मंत्री को राजनयिक पासपोर्ट देने से मना करने में राजनीति करने से इंकार करते हुए भाजपा की राज्य इकाई ने आज कहा कि यह कूटनीति का मामला है और सऊदी अरब में बेरोजगार केरल के लोगों की समस्याओं का दो केंद्रीय मंत्री समाधान कर रहे हैं। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष कुम्मानोम राजशेखरन ने यहां संवाददाताओं से कहा, कोई राजनीति नहीं है, यह कूटनीति का मामला है।

दो केंद्रीय मंत्री-- वी. के. सिंह और एम. जे. अकबर सऊदी में मजदूरों से जुड़े संकट का समाधान करने के लिए शानदार काम कर रहे हैं। वर्तमान परिस्थितियों में वहां राज्य के मंत्री को जाने की कोई जरूरत नहीं है। स्थानीय स्वप्रशासन मंत्री के. टी. जलील को राजनयिक पासपोर्ट देने से इंकार करने की घटना को मुख्यमंत्री पिनयारी विजयन द्वारा दुर्भाग्यपूर्ण करार दिए जाने के बाद उनकी यह टिप्पणी आई है।

विजयन की सरकार ने जलील को सऊदी अरब का दौरा करने और वहां शिविरों में रह रहे राज्य के बेरोजगार लोगों की स्थिति का आकलन करने के लिए अधिकृत किया था। राजशेखरन ने यह भी कहा कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज इस मुद्दे पर उठाए गए कदमों के बारे में कल संसद में बयान देंगी। उन्होंने कहा कि संसद के दोनों सदनों के सदस्यों ने पार्टी लाइन से ऊपर उठते हुए अभी तक उठाए गए कदमों पर पूरा संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को केंद्र सरकार में विश्वास जताना चाहिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत