जम्मू: पाकिस्तानी सैनिकों ने पिछले 36 घंटों में छठी बार संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए पल्लानवाला सेक्टर को निशाना बनाया तथा नियंत्रण रेखा के पास जम्मू और राजौरी जिलों में भारतीय चौकियों तथा रिहायशी इलाकों पर गोलाबारी की।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
सेना के जनसंपर्क अधिकारी कर्नल मनीष मेहता ने कहा, पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और दोपहर एक बजकर पैंतीस मिनट पर जम्मू जिले के अखनूर तहसील के पल्लनवाला सेक्टर में गोलीबारी की। उन्होंने कहा, गोलीबारी चल रही है और हमारी सेना की टुकड़ी जवाब दे रही है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले पाकिस्तानी सैनिकों ने सुबह सवा पांच बजे राजौरी जिले के तीन क्षेत्रों में बिना उकसावे के गोलीबारी की। मेहता ने कहा कि पाकिस्तानी सैन्य टुकडि़यों ने नौशेरा बेल्ट के झांगर, कलसैन और मकरी सब-सेक्टर को निशाना बनाया। पाकिस्तानी सेना ने मोर्टार गोले दागे, स्वचालित हथियारों और छोटे हथियारों का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि गोलीबारी अभी जारी है और भारतीय पक्ष समुचित उत्तर दे रहा है।
पिछले 24 घंटों में नियंत्रण रेखा पर पांच बार संघर्ष विराम का उल्लंघन हुआ है। पाकिस्तानी सैन्य टुकड़ी ने कल चार बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया और पुंछ जिले के सैजियां, शापुर-केरनी, मंडी और केजी सेक्टर में भारी गोलीबारी तथा मोर्टार गोले दागे। इसमें पांच नागरिक घायल हो गए। गोलाबारी के दौरान सुरक्षा बल के एक शिविर में रखे तेल के कनस्तरों में आग लगने के कारण कई दुकानें जल गयीं।