1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गरीबों के लिए 2.4 लाख घर बनाने को केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

गरीबों के लिए 2.4 लाख घर बनाने को केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 26, 2016 06:37 pm IST,  Updated : Jul 26, 2016 07:03 pm IST

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत केंद्र सरकार ने गरीबों के लिए इस साल अप्रैल से 16,600 करोड़ रुपए की लागत से 2.4 लाख घरों के निर्माण को मंजूरी दी है।

aavas yojna- India TV Hindi
aavas yojna

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत केंद्र सरकार ने गरीबों के लिए इस साल अप्रैल से 16,600 करोड़ रुपए की लागत से 2.4 लाख घरों के निर्माण को मंजूरी दी है। आज जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि शहरी गृह अभियान के तीन वर्गों के तहत 3,634 करोड़ रुपए की केंद्रीय सहायता से गृह निर्माण को मंजूरी दी गई है। इसमें 1,24,642 घर साझेदारी में सस्ते घर के तहत बनेंगे। 1,15,989 घर लाभार्थी से जुड़े निर्माण और 3,636 घर मलिन बस्तियों के पुर्नविकास के तहत बनेंगे।

महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में गरीबों के लिए बन रहे हैं घर:

आवास और शहरी गरीबी उपशमन मंत्रालय ने 11 राज्यों के शहरी गरीबों के हित में इस साल अप्रैल माह से इन प्रस्तावों को स्वीकार किया है। महाराष्ट्र में इस तरह के एक लाख घरों के निर्माण को मंजूरी मिली है। इसके बाद त्रिपुरा में 42,896 घर, ओडीशा में 23,843 घर, बिहार में 21,474 घर और गुजरात में 17,838 घर बनाने को मंजूरी मिली है। विज्ञप्ति में कहा गया है, इस वित्त वर्ष के पहले चार महीनों में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत शहरी गरीबों के लिए सस्ते आवास उपलब्ध करवाने के लिए 2,44,267 घरों के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने अतिरिक्त 16,641 करोड़ रुपए के निवेश की मंजूरी दी है।

इन स्वीकृतियों के साथ आर्थिक रूप से कमजोर तबकों के लिए 20 राज्यों में इस योजना के तहत कुल 51,568 करोड़ रुपए की लागत से 9,27,991 घरों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) बीते साल जून माह में ही शुरू की गई थी। साझेदारी में सस्ते घर और लाभार्थी से जुड़े निर्माण के लिए प्रति घर 1.50 लाख रुपए की केंद्रीय सहायता दी गई है। जबकि मलिन बस्तियों के पुर्नविकास के लिए एक लाख रुपए की केंद्रीय सहायता दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत