1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. CM रावत ने माना, केदारनाथ मंदिर के पास मिले 31 नर कंकाल

CM रावत ने माना, केदारनाथ मंदिर के पास मिले 31 नर कंकाल

 Written By: IANS
 Published : Oct 17, 2016 04:02 pm IST,  Updated : Oct 17, 2016 04:04 pm IST

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने सोमवार को स्वीकार किया कि केदारनाथ मंदिर के आसपास से कई नर कंकाल बरामद हुए हैं। यह कंकाल उन लोगों के हैं जो साल 2013 में भारी वर्षा और अचानक आई

kedarnath temple- India TV Hindi
kedarnath temple

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने सोमवार को स्वीकार किया कि केदारनाथ मंदिर के आसपास से कई नर कंकाल बरामद हुए हैं। यह कंकाल उन लोगों के हैं जो साल 2013 में भारी वर्षा और अचानक आई बाढ़ के कारण काल के गाल में समा गए थे। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पुष्टि की कि 31 नर कंकाल मिले थे, जिनमें 23 की अंत्येष्टि कर दी गई।

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

यह दिल दहलाने वाली खोज केदारनाथ मार्ग पर त्रियुगीनारायण में की गई थी। यह स्थल साल 2013 में भारी वर्षा और अचानक आई बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुआ था। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक जांच के लिए कंकाल के डीएनए सुरक्षित रख लिए गए हैं और बाद में पहचान की जाएगी।

केदारनाथ क्षेत्र में अनेक नर कंकाल मिलने की अपुष्ट रिपोर्टों के बाद यह रहस्योद्घाटन किया गया है। अधिकारियों को आशंका है कि नर कंकाल उन श्रद्धालुओं के हैं जो केदारनाथ के ऊपर बादल फटने के बाद उफनती नदी को देख ऊंचाई पर शरण लेने के लिए भागे थे, लेकिन भोजन और पानी के अभाव में उनकी मौत हो गई।

एक अधिकारी ने कहा कि शेष 8 नर कंकालों की अंत्येष्टि मंगलवार को होगी। मुख्यमंत्री रावत ने और नर कंकाल की खोज के लिए अधिकारियों को अगले कुछ दिनों तक क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाने का निर्देश दिया है। अधिकारियों के अनुसार, त्रियुगीनारायण क्षेत्र में 31 नर कंकालों का मिलना संकेत देता है कि इस क्षेत्र में और नरकंकाल दफन हो सकते हैं। आपदा में हजारों श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और सैकड़ों लापता हो गए थे।

उस समय छोटा तलाशी अभियान चलाया गया था, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। कई परिवारों ने अपने स्तर से भी तलाशी अभियान चलाए थे, मगर कोई खास सफलता हासिल नहीं हुई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत