1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. शिक्षक की छेड़छाड़ से परेशान होकर छात्रा ने लगाई फांसी

शिक्षक की छेड़छाड़ से परेशान होकर छात्रा ने लगाई फांसी

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 21, 2016 02:48 pm IST,  Updated : Jul 21, 2016 02:48 pm IST

शहर के ग्रामीण इलाके बिल्हौर के एक गांव में एक स्कूल शिक्षक की कथित छेड़छाड़ से तंग आकर कक्षा नौ की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

suicide- India TV Hindi
suicide

कानपुर: शहर के ग्रामीण इलाके बिल्हौर के एक गांव में एक स्कूल शिक्षक की कथित छेड़छाड़ से तंग आकर कक्षा नौ की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वह फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। पुलिस प्रवक्ता ने दर्ज मामले के आधार पर बताया कि बिल्हौर के पिहानी गांव में 14 वर्षीय छात्रा एक निजी स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा थी। 

लड़की के पिता का आरोप है कि स्कूल का शिक्षक आलोक कुमार यादव अक्सर उसकी पुत्री से छेड़छाड़ करता था और साथ ही उस पर अपनी कोचिंग में पढ़ने के लिये दबाव डालता था। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहती थी। मंगलवार को आलोक ने होमवर्क जांचने के नाम पर कक्षा में छात्रा की पिटाई की और छेड़छाड़ की। छात्रा ने घर आकर इस बारे में जानकारी दी। इस पर घरवालों ने कहा कि वे स्कूल जाकर शिक्षक से बात करेंगे। 

प्रवक्ता ने बताया कि कल रात जब सब लोग घर की छत पर सो रहे थे तो छात्रा ने दुपट्टे का फंदा बनाकर बरामदे के कुंडे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि इस बारे में तब पता लगा जब देर रात पानी पीने के लिए घर का एक रिश्तेदार छत से नीचे उतरा। घरवालों ने पुलिस को सूचित किया। 

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर ने बताया कि छात्रा के परिजनों की शिकायत पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत