नई दिल्ली: भारत के दो मोस्ट वांटेड आतंकवादी हाफिज़ सईद और दाऊद इब्राहिम दोनों का कनेक्शन सामने आया है। हाफिज़ सईद के समर्थकों की रैली में दाऊद इब्राहिम के नारे लगाए गए। हाफिज़ सईद के बेटे तल्हा सईद ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। ढाई मिनट के इस वीडियो में दाऊद इब्राहिम के सपोर्ट में नारे लगे।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
हाफिज़ सईद के नज़रबंद होने के बाद लश्कर ए तैयबा की तरफ से एक रैली बुलाई गई थी। इस रैली में बुरहान वानी के बाद दाऊद का नाम लिया गया। लश्कर ए तैयबा के सपोर्टर्स ने चिल्ला चिल्ला कर कहा, 'हम दाऊद इब्राहिम जैसा बनना चाहते हैं...न पुलिस बनेंगे...न कलेक्टर बनेंगे...न वकील बनेंगे...सिर्फ दाऊद इब्राहिम जैसा बनेंगे....दाऊद जैसा काम करेंगे'
दरअसल जबसे पाकिस्तान गवर्मेंट ने हाफिज़ सईद को हाउस अरेस्ट किया है तभी से लश्कर और जमात के सपोर्टर्स नए नाम से हाफिज़ के सपोर्ट में रैलियां ऑर्गनाइज कर रहे हैं। जमात उद दावा का नाम बदलकर तहरीके आजादी जम्मू-कश्मीर रख लिया और इसी नाम के बैनर तले हाफिज़ की रिहाई की मांग कर रहे हैं।
कल पाकिस्तान के लाहौर के नसीर बाग में रैली हुई थी इसमें जमात उद दावा और फलाह ए इंसानियत के हजारों लोग आए। इन्होंने कश्मीर के नाम के नारे लगाए और पाकिस्तान गवर्मेंट को कश्मीर पर एक्टिव होने के लिए कहा। इसी बीच तल्हा सईद ने दाऊद के नाम की नारेबाजी वाला ये वीडियो भी अपलोड कर दिया।
हाफिज़ सईद के लाहौर में हाउस अरेस्ट होने के बाद। अब उसका बेटा तल्हा सईद सारा काम संभाल रहा है। हाफिज़ और जमात की रैली पाकिस्तान मीडिया में बैन है, लेकिन इसके बावजूद कई जगह इन्हें कवर किया जाता है।