श्रीनगर: केन्द्रीय गृह सचिव राजीव महर्षि आज कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे। रविवार को उरी में हुए आतंकी हमले में सेना के 18 जवान शहीद हो गये थे। इसके अलावा हिज्बुल आतंकी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद से कश्मीर घाटी में पिछले करीब दो माह से अशांति बनी हुयी है।
अधिकारियों ने यहां बताया कि बारामुला के उरी सेक्टर में आतंकी हमले के दो दिन बाद गृह सचिव राजीव महर्षि आज सुबह यहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय गृह सचिव यहां विभिन्न सुरक्षाबलों, पुलिस और खुफिया एजेंसियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे। उन्होंने बताया कि उरी हमले और बुरहान वानी के मारे जाने के बाद आठ जुलाई से घाटी में जारी अशांति चर्चा के केंद्रबिन्दु में होगी । उल्लेखनीय है कि महर्षि का कल यहां पहुंचने का कार्यक्रम था लेकिन कुछ कारणों से उनका दौरा एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया था।