नई दिल्ली: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने एक युवा जोड़े की मदद करके लोगों का दिल जीत लिया है। ये कैसे हुआ इसकी पूरी कहानी बताएंगे। पहले ये जान लीजिए कि हुआ क्या? दरअसल हनीमून से पहले पत्नी का पासपोर्ट खोने को लेकर फैजान पटेल नाम के एक शख्स ने उन्हें ट्वीट किया। जिसके जवाब में विदेश मंत्री ने शख्स को मदद का भरोसा दिया।
फैजान ने अपनी पत्नी सना के साथ यूरोप में हनीमून प्लान किया था लेकिन ट्रिप से दो दिन पहले पत्नी का पासपोर्ट खो गया। फैजान ने मुश्किल वक्त में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तक अपनी बात पहुंचाने के लिए दिलचस्प तरीका अपनाया और इसके लिए ट्विटर का सहारा लिया। फैजान ने प्लेन में सीट के बगल में पत्नी की तस्वीर लगाकर सुषमा को ट्वीट किया।
फैजान पटेल ने लिखा, ‘हनीमून ट्रिप से पहले मेरी पत्नी का पासपोर्ट गुम हो गया है। कृपया उसे नया पासपोर्ट दिलाने में मदद करें।’ फैजल ने सीट पर अपनी पत्नी के फोटो के साथ सुषमा को ट्वीट किया था।
इसके बाद विदेश मंत्री ने ट्वीट के जरिए फैजान को जवाब दिया। विदेश मंत्री ने फैजान से कहा कि अपनी पत्नी से मुझसे संपर्क करने को कहो। मैं सुनिश्चित करूंगी कि वो अगली सीट पर आपके साथ हो। उन्होंने सना और फैजान से कहा कि मदद पहुंच रही है।
ये वही फैजान पटेल जिसकी पत्नी सना फातिमा के टिवटर अकाउंट @sfk1986 के पेज पर फैजान के कई पुराने टवीट मिलते हैं जिसमें कई फोटो के साथ फैजान ने सुषमा को लेकर कई अभद्र टवीट किए हुए हैं। एक तस्वीर जिसमें ओबामा और सुषमा शेकहैंड कर रहे हैं उस पर आपत्तिजनक कमेंट है। एक दूसरी तस्वीर जिसमें मोदी और सुषमा दिख रहे हैं उसको लेकर भी फैजान पटेल ने अभद्र टवीट किया हुआ है।