1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पाकिस्तान के एक व्यक्ति के कहने पर भारतीय ने लड़कियों को ISIS से जुड़ने के लिए पैसे दिए

पाकिस्तान के एक व्यक्ति के कहने पर भारतीय ने लड़कियों को ISIS से जुड़ने के लिए पैसे दिए

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 31, 2017 07:09 pm IST,  Updated : Jan 31, 2017 07:10 pm IST

नई दिल्ली: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कहा है कि फिलीपिन और ट्यूनीशिया की कथित आईएसआईएस समर्थक तीन लड़कियों को एक पाकिस्तानी नागरिक के कहने पर दुबई में आईएस समर्थक एक भारतीय ने पैसा दिया

isis- India TV Hindi
isis

नई दिल्ली: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कहा है कि फिलीपिन और ट्यूनीशिया की कथित आईएसआईएस समर्थक तीन लड़कियों को एक पाकिस्तानी नागरिक के कहने पर दुबई में आईएस समर्थक एक भारतीय ने पैसा दिया था।

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

एजेंसी ने दावा किया कि महाराष्ट्र के रहने वाले मोहम्मद फरहान शेख को दुबई में पाकिस्तान के कथित निवासी खालिद नामक व्यक्ति ने पैसा दिया था और उसने यह पैसा इन लड़कियों को दिया। मोहम्मद फरहान शेख को आईएसआईएस के साथ कथित संबंध को लेकर संयुक्त अरब अमीरात द्वारा प्रत्यर्पित किये जाने के बाद 2016 में दो अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया था।

एनआईए ने आरोप लगाया है कि शेख 2015 में दुबई में था और उसने ट्यूनीशियाई लड़की सारा गरबी को पांच फरवरी- 24 अप्रैल,, 2015 के बीच वैश्विक भुगतान सेवा वेस्टर्न यूनियन के मार्फत सात किश्तों में 3894.24 यूएईडी (संयुक्त अरब अमीरात की मुद्रा दिरहम) दिये। सारा आईएसआईएस से जुड़ना चाहती थी।

एनआईए ने यहां एक अदालत में दावा किया है कि शेख ने 24 जून, 2015 को फिलीपिन की निवासियों- जन्नत कासिम और जोहेरा एल मकासिमपांग को 1257.63 यूएईडी और 846.75 यूएईडी का अंतरण किया। एनआईए के सामने दर्ज कराए अपने बयान में शेख ने दावा किया है कि जनवरी, 2015 में वह फेसबुक के मार्फत गरबी के संपर्क में आया। वह इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (ISIS) की समर्थक थी और उससे सहानुभूति रखती थी।

शेख ने कहा, उसे आईएसआईएस में शामिल होने में रूचि थी। उसने मुझसे संपर्क किया और पैसा मांगा। यही बात मैंने खालिद को बतायी कि एक ट्यूनीशियाई लड़की है जो सीरिया जाना चाहती है और उसे पैसे की जरूरत है। उसने मुझसे अपने शोरूम आने को कहा और वहां खालिद ने मुझे 1300 दिरहम दिए जो मैंने सारा गरबी को दे दिए।

उसने कहा, बाद में खालिद ने गरबी को देने के लिए मुझे 5000 दिरहम दिए। दो जून, 2015 को खालिद ने मेरे बैंक खाते में 5000 दिरहम जमा कराए। मैंने पूरा 5000 दिरहम गरबी को दे दिए। मैंने पैसे का पूरा भुगतान वेस्टर्न यूनियन के माध्यम से किया। शेख ने खुलासा किया कि दुबई में कार शोरूम चलाने वाले खालिद से वह पहली बार फरवरी, 2015 में मिला था और उसी भेंट के दौरान उसे गरबी को देने के लिए पैसे दिए गए। उसने यह भी बताया कि जून, 2015 में खालिद ने उसे फिलीपिन की दो लड़कियों को पैसा देने को कहा था।

एनआईए के आरोपपत्र में शेख का बयान संलग्न किया गया है। आरोपपत्र में एजेंसी ने आरोप लगाया है कि के के (खालिद) और आरोपी नंबर तीन (शेख) ने ट्यूनीशिया की सरा गरबी और फिलीपिन की दो अन्य लड़कियों के वास्ते पैसे जुटाए और वे पैसे उन्हें दिए। इस मामले में दो अन्य गिरफ्तार आरोपी हैं- जम्मू कश्मीर के गंदेरबल के स्थायी निवासी शेख अजहर उल इस्लाम ओर कर्नाटक के अदनान हसन।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत