गुलमर्ग: उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में इस बार हुई भारी बर्फबारी से इस प्रसिद्ध स्की-रिसॉर्ट में शीत खेलों के शौकीनों के चेहरे खिले हुए हैं। करीब तीन साल के अंतराल के बाद बाहर के पर्यटक भी बर्फ से भरे ढलानों पर बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
कश्मीर घाटी और खास कर गुलमर्ग में करीब तीन साल के अंतराल के बाद ऐसी अच्छी बर्फबारी देखने को मिली है। कम बर्फबारी की वजह से पिछले कुछ सालों से यहां स्कीइंग करना लगभग असंभव सा हो गया था।
इस साल जनवरी में हुई बर्फबारी ने स्कीइंग के शौकीनों का ध्यान एक बार फिर गुलमर्ग की तरफ खींचा है। गुलमर्ग को स्कीइंग करने वालों का स्वर्ग कहा जाता है हालांकि साल 2013 के पहले के सालों के मुकाबले यहां आने वालों की संख्या अब भी कम है।
स्कीइंग का शौक रखने वाली ज्योति शर्मा कहती हैं, स्कीइंग के लिए ये सर्वश्रेष्ठ जगह है। ढलान काफी अच्छे और तीव्र हैं जिससे स्कीइंग करने वालों को स्की के लिए लंबी दूरी मिलती है। उनका कहना है कि सर्दियों में पर्यटकों के लिए दुनिया में सबसे अच्छी और जेब के लिए किफायती जगह है।
ज्योति ने कहा, दुनिया में ऐसी दूसरी जगहें महंगी हैं और वे गुलमर्ग जितनी दर्शनीय भी नहीं हैं। मैं यहां अपने परिवार के साथ आई हूं और हम यहां रहने का खूब मजा ले रहे हैं। सर्दियों में आने के लिए ये सबसे अच्छी जगह है। पिछले कुछ समय से जेद्दाह में रह रहे इलाहाबाद के निवासी एक और पर्यटक मोहम्मद अब्दुल बारी ने कहा कि यहां आकर उन्हें खुशी हुई क्योंकि यहां का माहौल खुशनुमा है।
बारी ने कहा, मैं पहली बार यहां आया हूं। मैं जेद्दाह से यहां आया क्योंकि यहां का माहौल बेहद अच्छा है और बर्फबारी भी काफी अच्छी हुई है। मैंने पहले कभी इतनी बर्फ नहीं देखी थी।