नई दिल्ली: सोमवार से शुरू हो रहे हफ्ते के पहले दिन पर क्या कुछ खास है इसके लिए अब आपको वक्त जाया करने की जरूरत नहीं है। अगर आपके पास वक्त की कमी है और फिर भी आप सोमवार क्या कुछ खास है जानना चाहते हैं तो यह खबर आपके काम की है। देश दुनिया की हलचल हो या फिर फिल्मी गलियारे की बात आपको यह सब कुछ जानने के लिए सिर्फ एक क्लिक करना होगा। तो पढ़िए और जानिए।
भाजपा संसदीय दल की बैठक
भाजपा संसदीय दल की सोमवार को बैठक होगी जिसमें संसद के मानसून सत्र की रणनीति तैयार की जाएगी जिसमें विपक्ष द्वारा अरूणाचल प्रदेश के घटनाक्रम समेत कई अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरना तय माना जा रहा है। भाजपा संसदीय दल की बैठक के बाद शाम में राजग के घटक दलों की बैठक भी होगी। विपक्ष की ओर से भाजपा पर गैर राजग दलों के शासन वाले राज्यों की सरकारों को अस्थिर करने का आरोप लगाया जा रहा है। अरूणाचल प्रदेश और उत्तराखंड मामले में उच्चतम न्यायालय के आदेश से कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दल काफी उत्साहित हैं।
सोमवार से शुरू हो रहे मॉनसून सत्र के हंगामेदार रहने के आसार
अरूणाचल प्रदेश पर उच्चतम न्यायालय के फैसले से उत्साहित विपक्ष, एनएसजी सदस्यता पाने में भारत की नाकामी सहित कई मुद्दों पर सत्ता पक्ष को घेरने की विरोधी दलों की मांग को देखते हुए सोमवार से शुरू हो रहे मॉनसून सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। इसके अलावा, अरूणाचल प्रदेश में राजनीतिक घटनाक्रम में राज्य में कांग्रेस की नई सरकार के गठन, समान नागरिक संहिता लागू करने के प्रस्ताव पर विधि आयोग से रिपोर्ट की मांग संबंधी मोदी सरकार के फैसले जैसे मुद्दों से सत्र के दौरान माहौल गर्म रहने की संभावना है। दूसरी ओर, वरिष्ठ मंत्रियों एवं कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ हालिया बैठक के बाद सरकार अहम जीएसटी विधेयक के रास्ते में आ रही बाधा खत्म होने की उम्मीद कर रही है।
हैदराबाद में आज संगोष्ठी को संबोधित करेंगे राजन
भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन आज (सोमवार) यहां राष्ट्रीय ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज में एक संगोष्ठी को संबोधित करेंगे। संस्थान की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राजन इक्विटी, एक्सेस एंड इन्क्लूजन-ट्रांफार्मिंग रूरल इंडिया थू्र फाइनेंशियल इन्क्लूजन पर राष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में इरडा के चेयरमैन टी एस विजयन, आंध्रा बैंक के प्रबंध निदेशक सुरेश एन पटेल, नाबार्ड के उपप्रबंध निदेशक आर अमलोरपावनाथन तथा मुद्रा के सीईओ जिजी मामन भी शामिल होंगे।
महाराष्ट्र विधानसभा का सत्र आज से शुरू, दागी मंत्रियों पर निशाना साधेगा विपक्ष
महाराष्ट्र विधानमंडल का मानसून सत्र आज (सोमवार) यहां शुरू होगा जिसमें विपक्षी कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) द्वारा देवेन्द्र फड़णवीस सरकार के मंत्रिमंडल के दागी मंत्रियों पर हमला करने की संभावना है। एकनाथ खडसे के खिलाफ पुणे में एमआईडीसी भूमि की गैरकानूनी खरीद सहित कुछ आरोपों पर एक उनके राजस्व मंत्री के पद से इस्तीफे की पृष्ठभूमि में सत्र का आयोजन हो रहा है। कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार विधान परिषद में सदन के नेता के रूप में खड़से की कमी महसूस करेगी।
मारुति हिंसा की बरसी सोमवार को, मानेसर में निषेधाज्ञा लागू
जिले के मानेसर स्थिति मारुति के कारखाने के इर्द-गिर्द पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह जुटने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि इस परिसर में हिंसा की चौथी बरसी (18 जुलाई) को देखते हुए ऐसा किया गया है। गुड़गांव के जिलाधिकारी टी. एल. सत्यप्रकाश ने आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत प्रशासन की पूर्व इजाजत के बगैर 19 जुलाई तक वहां लोगों के जमा होने, प्रदर्शन करने या जनसभा करने पर रोक लगा दी है। मारुति सुजुकी के कामगार संघों एवं अन्य कामगार संगठनों ने सोमवार को वहां शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की घोषण कर रखी है।
प्रियंका चोपड़ा का जन्मदिन, अमेरिका में झेला था नस्लीय भेदभाव (जन्मदिन: 18 जुलाई)वर्ष 2000 में मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की विजेता रहीं अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा एक सफल अभिनेत्री और गायिका हैं। वह बॉलीवुड के साथ-साथ हॉलीवुड में भी अपने अभिनय की छाप छोड़ रही हैं। उन्होंने अपनी खूबसूरती और अपने बेहतरीन अभिनय से सभी को अपना कायल बना दिया है। बॉलीवुड की सबसे अधिक वेतन पाने वाली अभिनेत्रियों की गिनती में शुमार प्रियंका का जन्म 18 जुलाई, 1982 को झारखंड के जमशेदपुर में हुआ था। उनके पिता पंजाब के अंबाला से थे, जबकि उनकी मां झारखंड से थीं। उनके माता-पिता भारतीय सेना में चिकित्सक थे, जिसके चलते उन्हें देश के अलग-अलग राज्यों का रुख करना पड़ा। इसी वजह से प्रियंका को कई स्कूल भी बदलने पड़े।
मेहदी हसन पहलवानी का भी शौक रखते थे
(जन्मदिन: 18 जुलाई)
'मोहबत जिंदगी है और तुम मेरी मोहब्बत हो', 'नवाजिश करम शुक्रिया मेहरबानी' जैसी खूबसूरत गजलें गाने वाले पाकिस्तानी गायक मेहदी हसन की मखमली आवाज सभी के दिलों में अपनी खास जगह बना चुकी है। भले ही वह अब हम सबके बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी सुरीली आवाज और गाने का अनोखा अंदाज उनकी यादों को आज भी तरोताजा कर रहा है।
मेहदी के गले से निकले एक-एक शब्द से हर व्यक्ति खुद को बड़ी आसानी से जोड़ सकता था। उन्होंने कई खूबसूरत गजलों से सभी को अपना दीवाना बना दिया था। वह भले ही पाकिस्तान से थे, लेकिन उन्हें जब भी मौका मिलता तो वह दौड़े-दौड़े भारते चले आते थे। वह मूल निवासी भारत के ही तो थे। मेहदी हसन का जन्म राजस्थान के झुंझुनू जिले के लूना में 18 जुलाई, 1927 को हुआ। वह पारंपरिक संगीतकारों के परिवार से थे।