जम्मू: जम्मू कश्मीर में भारी बारिश के कारण माता वैष्णोदेवी गुफा मंदिर के मार्ग पर हुए भूस्खलन में तीन श्रद्धालुओं समेत चार लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य लोग घायल हो गए। श्री माता वैष्णोदेवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अजीत साहू ने पीटीआई भाषा से कहा कि भूस्खलन बाणगंगा-अद्र्धकुमारी मार्ग पर करीब आधी रात को हुआ और मलबा उस शरणस्थल पर गिरा जहां तीर्थयात्री बैठे थे। (CEO) ने कहा, पांच वर्षीय एक बच्चे समेत तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
(देश-विदेश की खबरों के लिए Click करें)
CEO ने बताया कि पीडि़तों की पहचान बेंगलोर के 29 वर्षीय शशिधर कुमार, चंडीगढ़ निवासी 30 वर्षीय बिंदु साहनी और उनके पांच वर्षीय बेटे विशाल के रूप में हुई और एक अन्य व्यक्ति की पहचान रियासी के 32 वर्षीय सादिक के रूप में हुई है जो टट्टूवाला था। रियासी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) संजय राणा ने बताया कि हादसे में नौ लोग घायल भी हुए हैं। उन्होंने बताया कि उनमें से सात को प्राथमिक उपचार दिया गया है और गंभीर रूप से घायल दो अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
CEO और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल पर तत्काल बचान अभियान चलाया गया। साहू ने बताया कि अनुग्रह राशि दी जा रही है और मृतकों के शवों को स्थानांतरित किए जाने के प्रबंध किए जा रहे हैं। कुछ घायलों की पहचान चंडीगढ़ के सूरज कांत साहनी (36), हरियाणा के वेद सिंह (69) एवं नरयाणी (58) बेंगलोर के पारस (8) एवं संतोष (28) के रूप में की गई है।