नई दिल्ली: राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में संदिग्ध आतंकी के खिलाफ पुलिस और एटीएस का एनकाउंटर 10 घंटे चला, जिसमें एक आतंकी सैफुल्लाह ढेर हो गया। यह मुठभेड़ मंगलवार दोपहर से चल रही थी। देर रात तीन बजे यूपी पुलिस ने मुठभेड़ खत्म होने का ऐलान किया है। मारा गया आतंकी आईएसआईएस के खुरासान मॉड्यूल का सदस्य था।
एडीजी दलजीत चौधरी ने देर रात कहा कि घर में मौजूद एक आतंकी को मार गिराया गया है। पहले दो और आतंकियों के छिपे होने की खबर थी, लेकिन वह गलत निकली। एसएसपी ने रात तीन बजे आतंकी के मरने की पुष्टि की।
पुलिस की कोशिश आतंकी को जिंदा गिरफ्तार करने की थी, लेकिन आतंकी के लगातार फायरिंग करते रहने से इसमें कामयाबी नहीं मिली। एटीएस ने मिर्ची बम व आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया लेकिन आतंकी ने किसी भी तरह से समर्पण करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद एटीएस दीवार तोड़कर अंदर गई और आतंकी को मार गिराया।
आतंक निरोधी दस्ते के वरिष्ठ अधिकारी असीम अरुण ने बताया, 'हमने माइक्रो ट्यूब कैमरों की मदद से पूरे घर की जांच की थी। कैमरों से मिली तस्वीरें साफ न होने के कारण मकान में दो लोग होने का शक हुआ, लेकिन ऑपरेशन खत्म होने के बाद केवल एक ही लाश मिली है। मृतक की पहचान सैफुल्लाह के रूप में हुई है।'
ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने मकान की छत में छेद करके देखा तो उन्हें भी दो छवियां दिखाई दीं। इस ऑपरेशन में यूपी पुलिस के साथ 20 कमांडो भी शामिल थे। कमांडो कार्रवाई शाम साढ़े तीन बजे से शुरू हुई थी। शुरू में अधिकारियों की कोशिश थी कि इनको जिंदा ही पकड़ा जाए, ताकि ट्रेन धमाके में पूछताछ की जा सके।