नयी दिल्ली: BJP के सांसद आरके सिंह ने पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देने की नीति कड़ाई से अपनाने की जरूरत पर जोर दिया। सांसद ने यह टिप्पणी ऐसे समय की जब पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत ने कुलभूषण जाधव को मौत की सजा सुनाई थी।
देश-विदेश की खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें
लोकसभा सदस्य और पूर्व गृह सचिव आरके सिंह ने कहा कि देश में आतंकी क्रियाकलाप को लेकर हर महीने कई पाकिस्तानी गिरफ्तार होते हैं और अगर भारत भी इसी तरह से व्यवहार करना शुरू कर दे तो सभी को फांसी हो जाएगी।
सिंह ने कहा, अंतरराष्ट्रीय संबंध जैसे को तैसा के आधार पर होते हैं। और मेरी नजर में जैसे को तैसा का कड़ाई से पालन अपनाने के लिए सही चीज है। इस (जाधव) मामले में भी, हमें जैसे को तैसा को कड़ाई से अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को यह समझना चाहिए कि भारत हर महीने हथियारों के साथ कई पाकिस्तानियों को गिरफ्तार करता है।
उन्होंने कहा, 'पाकिस्तानी एके 47, ग्रेनेड लांचर आदि के साथ आतंकवादी हमले करने घाटी से होकर आते हैं। उनके खिलाफ सुनवाई होती है तौर उन्हें 10-12 साल रखा जाता है और फिर वापस भेज दिया जाता है।' सिंह ने कहा, अगर इस (जाधव) तरह की चीज होती है और हम (भारत) भी इसी तरह से व्यवहार करना शुरू करते हैं तो सभी को फांसी होगी। हम एक विशेष अदालत गठित करेंगे, हम कानून बदलेंगे। पाकिस्तान को यह ध्यान रखना चाहिए।