पेट्रोल के दाम में 28 पैसे की वृद्धि की गई है जबकि डीजल 6 पैसे सस्ता हो गया है। ये क़दम अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की कीमतों में परिवर्तन को देखते हुए उठाया गया है। दो महीने में पेट्रोल की कीमत में लगातार तीसरी बार इज़ाफ़ा किया गया है। वहीं डीजल के दाम दूसरी बार कम किए गए हैं। ये क़ीमते शुक्रवार रात से प्रभावी हो गई हैं।
इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) ने कहा कि पेट्रोल की कीमत में 28 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है जबकि डीजल के दाम 6 पैसे प्रति लीटर कम किए गए हैं। इसमें राज्यों के शुल्क शामिल नहीं हैं। पेट्रोल पर 27 प्रतिशत वैट को शामिल करने के बाद दिल्ली में पेट्रोल 36 पैसा प्रति लीटर महंगा होगा वहीं डीजल के मामले में 17.42 प्रतिशत वैट को शामिल करने पर कटौती 7 पैसे होगी।
इससे दिल्ली में मध्य रात्रि से पेट्रोल का दाम 64.57 रुपये प्रति लीटर हो गया जो 64.21 रुपये था। इसी प्रकार, डीजल 52.52 रुपये लीटर उपलब्ध हो गया जो 52.59 रुपये था। इससे पहले, 16 सितंबर को पेट्रोल के दाम में 58 पैसे लीटर (राज्य के शुल्क को छोड़कर) की वृद्धि की गई थी। राज्य के वैट को जोड़ने पर दिल्ली में पेट्रोल 78 पैसे लीटर महंगा हुआ था। वहीं डीजल के दाम में 31 पैसे की कटौती की गई थी। वैट को शामिल करने पर यह कटौती 35 पैसे थी।
आईओसी ने एक बयान में कहा, 'अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों और रुपये-डीलर की विनियम दर को देखते हुए पेट्रोल के दाम में वृद्धि तथा डीजल के मूल्य में कमी जरूरी हो गयी थी।'