नई दिल्ली: तेल कंपनियों ने आम जनता को बड़ी राहत देते हुए एक बार फिर से पेट्रोल और डीजल के दामों में कटौती की है। इस बार पेट्रोल की कीमतों में 1.42 प्रतिलीटर और डीजल की कीमतों में 2.01 रुपए प्रति लीटर की कटौती की गई है। माना जा रहा है कि दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट का असर भारत में देखने को मिला है। साल के सातवें महीने जुलाई में यह तीसरा मौका है जब पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में कटौती का फैसला किया गया है।
वैश्विक तेल बाजार में नरमी और डालर रुपया विनिमय दर में नए संतुलनों के बीच पेट्रोल के दाम में 1.42 रुपए लीटर तथा डीजल के मूल्य में 2.01 रुपए प्रति लीटर की कटौती की गई है। देश की सबसे बड़ी खुदरा ईंधन कंपनी इंडियन ऑयल कारपोरेशन ने कहा कि पेट्रोल का दाम रविवार मध्यरात्रि से 61.09 रुपए लीटर होगा। अभी यह 62.51 रुपए प्रति लीटर है। इस तरह डीजल 52.27 रुपए प्रति लीटर पर उपलब्ध होगा जो फिलहाल 54.28 रुपये लीटर है। इससे पहले 16 जुलाई को पेट्रोल की कीमत में 2.25 रुपए लीटर की कटौती की गई थी। उस दिन डीजल के दाम में 0.42 रुपए लीटर की कमी की गई थी। उससे पहले, एक जुलाई को पेट्रोल 89 पैसे तथा डीजल 49 पैसे प्रति लीटर सस्ता हुआ था। जुलाई में इन कटौतियों से पहले एक मई से चार बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए थे। कुल मिलाकर चार बार में पेट्रोल के दाम 4.52 रुपए लीटर तथा डीजल 7.72 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी।
