1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आर्मी मरा समझकर शुरू कर दी पेंशन, 7 साल होश गंवा मांगता रहा भीख

आर्मी मरा समझकर शुरू कर दी पेंशन, 7 साल होश गंवा मांगता रहा भीख

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 15, 2016 01:14 pm IST,  Updated : Jun 15, 2016 01:14 pm IST

सात साल पहले कार एक्सीडेंट में सेना के हवालदार की याददाश्त चली गई थी। इस बीच भिखारी की तरह दर-दर भटकने वाले हवालदार की याद्दाश्त एक एक्सीडेंट के बाद वापस लौट आई और सात साल बाद वह अपने घर पहुंचा।

army- India TV Hindi
army

नई दिल्ली: सात साल पहले कार एक्सीडेंट में सेना के हवालदार की याददाश्त चली गई थी। इस बीच भिखारी की तरह दर-दर भटकने वाले हवालदार की याद्दाश्त एक एक्सीडेंट के बाद वापस लौट आई और सात साल बाद वह अपने घर पहुंचा। ये कहानी भले पूरी फिल्मी सी है, पर है सच। हर कोई इनकी कहानी पर हैरान है।

यह कहानी है बहरोड़ के गांव भीटेड़ा निवासी सेना के जवान हवलदार धर्मवीर यादव की। धर्मवीर वर्ष 2009 में देहरादून में सेना की एंबैसडर कार को सिविल में लेकर जा रहे थे। लेकिन धर्मवीर यादव कार पर नियंत्रण खो बैठे और वह सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे के बाद से धर्मवीर लापता हो गया था।

धर्मवीर के नहीं मिलने पर सेना के अधिकारियों ने तीन साल बाद वर्ष 2012 में मृत मानकर उसका मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर दिया। धर्मवीर की पत्नी मनोज को धर्मवीर के रुपए देने के साथ ही पेंशन चालू कर दी गई।

इस बीच हरिद्वार में भटक रहे धर्मवीर को पांच दिन पहले एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। सिर में गहरी चोट लगी और याददाश्त लौट आई। इलाज कराकर वह रात करीब एक बजे अपने घर पहुंचे, तो सब अचंभित रह गए। किसी को भरोसा नहीं हो रहा था।

धर्मवीर अब 39 साल के हैं। उनके दो बेटी 19 वर्षीया संगीता और 17 साल की पुष्पा हैं। धर्मवीर 1994 में थल सेना के 66 आम्र्ड कोर में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे।

धर्मवीर ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसे बस यही याद है कि वह देहरादून, रूड़की, हरिद्वार में पागल व भिखारी की तरह घूमता रहा। जिस शख्स ने उसे पांच दिन पहले हरिद्वार में बाइक से पीछे से टक्कर मारी, तो मुझे याद आया कि मैं धर्मवीर हूं और बहरोड़ का रहने वाला हूं। फिर बाइकर ने उसे पांच सौ रुपए देकर दिल्ली की बस में बैठा दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत