नई दिल्ली: केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को जम्मू एवं कश्मीर की स्थिति पर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और सुरक्षा अधिकारियों को जल्द से जल्द राज्य में शांति बहाली के निर्देश दिए। उन्होंने सावधान किया कि राज्य में नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों के हताहत होने की संख्या न्यूनतम होनी चाहिए। इसके बाद शीर्ष अधिकारियों ने कश्मीर की मौजूदा स्थिति और उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घुसपैठ के बारे में राजनाथ को जानकारी भी दी।
सूत्रों के मुताबिक, बडगाम और अनंतनाग जिलों में हिंसा और पथराव की खबरें हैं। बैठक में राजनाथ सिंह ने असम के सुरक्षा परिदृश्य की भी समीक्षा की। संदिग्ध आतंकवादियों ने सोमवार को चरायदेव और तिनसुकिया जिलों में पांच बम विस्फोट किए थे। इसके पहले पांच अगस्त को नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड संगबिजित के आतंकवादियों ने असम के कोकराझार जिले में 14 लोगों की हत्या कर दी थी और कम से कम 20 अन्य घायल हो गए थे।