नई दिल्ली: सेल्फी के दीवानों के लिए एक बुरी खबर है। भारत का नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) सुरक्षा कारणों के चलते हवाई जहाज के अंदर सेल्फी लेने पर प्रतिबंध लगाने के लिए विचार कर रहा है। इसके लिए डीजीसीए जल्द ही विभिन्न एयरलाइंस से कॉकपिट और अन्य संवेदनशील स्थानों पर तस्वीर लेने से मना करने के लिए कह सकता है जिसमें चालक दल के सदस्यों द्वारा ली जाने वाली तस्वीरें भी शामिल हैं।
इन्हें भी पढ़ें:
- 'दरगाह में महिलाओं पर पाबंदी लगाने वालों पर तमाचा है HC का आदेश'
- अखलाक के भाई को छोड़कर अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी पर रोक
- बिहार: दरभंगा में BJP विधायक का भाई शराब पीते गिरफ्तार
मौजूदा नियम भी विमान के अंदर फोटोग्राफी पर कुछ प्रतिबंध लगाते हैं लेकिन कॉकपिट में ली जाने वाली सेल्फियों से संभावित सुरक्षा चिंताओं के चलते नियामक डीजीसीए अगले कुछ दिनों में विस्तृत दिशानिर्देश लेकर आएगा। स्मार्टफोन और अन्य आधुनिक गैजेट्स के बढ़ते प्रयोग के चलते ऐसे कई उदाहरण हैं जिसमें यात्री, चालक दल के सदस्य, पायलट इत्यादि विमान के अंदर फोटो खींचते हैं।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) एयरलाइनों के लिए ऐसे विस्तृत दिशानिर्देशों पर काम कर रहा है जो विमान के अंदर फोटोग्राफी करने के विभिन्न आयामों को निर्देशित करेगा। महानिदेशालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में जल्द ही एक परिपत्र लेकर आएगा संभव है कि यह अगले हफ्ते ही आ जाए।
अधिकारी ने बताया कि यह एयरलाइनों को सुरक्षात्मक दिशानिर्देश देने वाला एक परिपत्र होगा। हाल ही में इंडिगो के 6 पायलट डीजीसीए के निशाने पर आ गए जो कॉकपिट में अपने परिवार के सदस्यों के साथ कथित तौर पर फोटो खींच रहे थे। विमान विनियम 1937 के मुताबिक विमान के अंदर बिना पूर्वानुमति के फोटो खींचना मना है।