नयी दिल्ली: गंगाराम अस्पताल में भर्ती सोनिया गांधी की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। सोनिया गांधी के कंधों का इलाज करने वाले डॉक्टर ने बताया है कि जिस तेजी से वह रिकवरी कर रही है उससे वह बहुत खुश हैं, उनके अब तक जितने भी रूटीन टेस्ट हुए थे वह सब नॉर्मल आए हैं। माना जा रहा है कि अगले दो-तीन दिनों में सोनिया गांधी को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी लेकिन कुछ दिनों बाद उनका फिजियो थेरेपी सेशन स्टार्ट हो जाएगा।
फिजियो थेरेपी सेशन के लिए सोनिया गांधी के पास 2 ऑप्शन है या तो वह अस्पताल आकर फिजियो थैरेपी कराएं या घर पर ही उसका इंतजाम किया जाए। फिलहाल गांधी परिवार घर पर ही उनकी फिजियोथेरेपी कराने के पक्ष में है।
डेढ़ महीने के सभी प्रोग्राम रद्द
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को डॉक्टरों ने 6 हफ्ते तक आराम करने की सलाह दी है, 6 हफ्ते तक किसी पब्लिक रैली, कार्यकर्ता मीटिंग में उन्हें हिस्सा न लेने की बात भी कही गई है। सोनिया गांधी के अगले डेढ़ महीने के सभी प्रोग्राम रद्द कर दिया गए हैं। बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी अस्पताल में आराम से हैं आज सुबह उन्होंने कुछ देर अस्पताल के कॉरिडोर में चहलकदमी भी की थी उनका खान-पान भी सामान्य चल रहा है फिलहाल कोई बड़ी दिक्कत य मुश्किल नहीं है।
आपको बता दें कि बनारस में तीन अगस्त को पार्टी रैली के दौरान सोनिया गांधी की तबीयत अचानक ख़राब हो गई थी और उन्हें पहले दिल्ली के सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन बाद में गंगाराम अस्पताल शिफ़्ट कर दिया गया जहां उनके परिवार के डॉक्टर्स उनका इलाज कर रहे हैं।