1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उरी हमले पर शाह ने कहा, ‘पाकिस्तान ने भारत पर लंबा युद्ध थोपा’

उरी हमले पर शाह ने कहा, ‘पाकिस्तान ने भारत पर लंबा युद्ध थोपा’

 Written By: Bhasha
 Published : Sep 25, 2016 04:20 pm IST,  Updated : Sep 25, 2016 04:20 pm IST

कोझिकोड: उरी हमले को भारत पर पाकिस्तान द्वारा थोपे गए युद्ध की ही एक कड़ी करार देते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि हमला सुरक्षाबलों द्वारा घुसपैठ के 17 प्रयासों को विफल

amit shah- India TV Hindi
amit shah

कोझिकोड: उरी हमले को भारत पर पाकिस्तान द्वारा थोपे गए युद्ध की ही एक कड़ी करार देते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि हमला सुरक्षाबलों द्वारा घुसपैठ के 17 प्रयासों को विफल किए जाने के बाद हताशा का परिणाम था और अंतिम जीत भारत की होगी। शाह ने आतंकी हमले के जिम्मेदार लोगों को निश्चित तौर पर दंडित करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कथन को ही प्रतिध्वनित करते हुए कहा कि देश पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का कड़ा जवाब देने के लिए कटिबद्ध है।

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के अपने उद्घाटन संबोधन में शाह ने पाकिस्तान को निशाना बनाते हुए और उसे घेरने के लिए मोदी सरकार के कूटनीतिक प्रयासों का समर्थन किया और कहा कि पार्टी देश में व्याप्त गुस्से को महसूस करती है।

शाह ने कहा, भाजपा उरी हमले के षड्यंत्रकारियों के खिलाफ लोगों में व्याप्त व्यापक गुस्से को समझती है। भाजपा और केंद्र सरकार ने शुरू से ही आतंकवाद के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई है। इस तरह के आतंकी प्रयासों को परास्त करने के लिए कड़ा जवाब दिया जाएगा। पिछले आठ महीने में 117 आतंकवादी मारे गए हैं, यह संख्या हाल के समय में सबसे अधिक है, क्योंकि केंद्र ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी रणनीतिक और मजबूत लड़ाई शुरू कर दी है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, आतंकवादियों ने बीते आठ महीनों में सीमा पार से घुसपैठ के 17 प्रयास किए हैं, लेकिन हमारे वीर सैनिकों ने उन्हें विफल कर दिया। उरी हमला इसी हताशा की वजह से किया गया। यह एक लंबा युद्ध है जो हमारे पड़ोसी ने हम पर थोपा है। उरी हमला केवल इसकी एक कड़ी है और न कि अंतिम परिणाम। अंतिम जीत हमारी होगी।

शाह ने कहा, देश पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को कड़ा जवाब देने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि आतंकवाद राज्य की नीति का हिस्सा बन जाए तो यह युद्ध अपराध से कम नहीं है। उनकी टिप्पणी ऐसे समय आई है जब मोदी ने कहा कि भारत घटना (उरी हमले) को भूलेगा नहीं, लेकिन संकेत दिया कि ध्यान मूलत: पाकिस्तान को कूटनीतिक रूप से अलग-थलग करने पर होगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी पाकिस्तान का भंडाफोड़ करने के लिए सरकार के कूटनीतिक प्रयासों का पूर्ण समर्थन करती है। शाह ने कहा कि यह दुनिया को देश का वास्तविक चेहरा दिखाने में सफल रही है। शाह ने उल्लेख किया कि मोदी ने लोगों को आश्वासन दिया है कि घटना के जिम्मेदार लोगों को दंडित किया जाएगा। हालांकि लड़ाई लंबी है, हम इसे लड़ेंगे और जीत हमारी होगी।

उन्होंने इस लड़ाई में लोगों और अन्य राजनीतिक दलों से केंद्र का समर्थन करने की अपील की। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विश्व पाकिस्तान द्वारा हिज्बुल मुजाहिदीन के आतंकवादी बुरहान वानी को शांतिप्रिय युवक बताए जाने से हैरान है तथा यह आतंकवाद में देश (पाकिस्तान) की संलिप्तता का सबूत है। भारत पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का पीड़ित रहा है और पिछले कई वर्षों में अनेक छोटे एवं बड़े आतंकी हमले देखे हैं। उन्होंने कहा, पाकिस्तान वैश्विक आतंकवाद का केंद्र बन चुका है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत