1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कहीं लू में जल रहे लोग, तो कहीं बदली से मिली राहत

कहीं लू में जल रहे लोग, तो कहीं बदली से मिली राहत

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 27, 2016 11:32 am IST,  Updated : Apr 27, 2016 11:32 am IST

मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य जगहों पर बुधवार सुबह छाए बादलों ने धूप से राहत दिलाई। तो वहीं उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में सुबह से ही तेज धूप निकलने से तापमान में वृद्घि हुई है।

heat waves in india- India TV Hindi
heat waves in india

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य जगहों पर बुधवार सुबह छाए बादलों ने धूप से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। मौसम में आए बदलाव की वजह अरब सागर की ओर से आ रही नमी और हवाओं की दिशा में हुआ बदलाव माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, चंबल संभागों के अलावा उज्जैन, रतलाम व धार जिलों में बौछारें पड़ सकती हैं।

राजधानी भोपाल में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री, इंदौर में 21 डिग्री, ग्वालियर में 21.8 डिग्री और जबलपुर में 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एक दिन पहले मंगलवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री, इंदौर में 38 डिग्री, ग्वालियर में 41.3 और जबलपुर में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

उप्र में धूप व लू से राहत नहीं

उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में सुबह से ही तेज धूप निकलने से तापमान में वृद्घि हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और इजाफा होने की संभावना जताई है। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में चिलचिलाती धूप निकलेगी। गर्मी व लू से राहत मिलने की संभावना नहीं है। बुंदेलखंड व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने के आसार हैं।

उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी की ओर से आने वाली हवाएं गर्म और सूखी हैं। नमी का आभाव होने की वजह से गर्मी और बढ़ने की सम्भावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।

लखनऊ के अलावा बुधवार को गोरखुपर का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री, कानपुर का 24.6 डिग्री, बांदा का 28 डिग्री, इलाहाबाद का 26.4 और झांसी का 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत