लखनऊ: बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि जिस जगह दिन-दहाड़े अपराध होते हों और कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई हो, वहां कोई निवेश करने नहीं आएगा। शाह ने लखनऊ में एक कार्यक्रम में कहा, ‘इस प्रदेश में कौन निवेश करेगा, जहां दिन दहाडे़ रोड पर रेप हो। जहां फिरौती के लिए अपहरण हो और जहां भू माफिया सक्रिय हो, जहां दंगे होते हों और कानून व्यवस्था ध्वस्त हो।’
देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अमित शाह ने कहा कि बीजेपी उत्तर प्रदेश के युवाओं की स्थिति में परिवर्तन करना चाहती है। वह चाहती है कि प्रदेश का युवा विश्व के युवा के साथ प्रतिस्पर्धा के लिए मजबूती से तैयार हो। शाह ने कहा कि प्रदेश सरकार केंद्र की योजनाओं को तवज्जो नहीं देती। केंद्र की योजनाओं का फायदा प्रदेश को नहीं मिला। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का फायदा उत्तर प्रदेश के किसानों को नहीं मिला क्योंकि बीमा किस कंपनी को देना है, तय ही नहीं हो पाया।
अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विकास की बात करते हैं। विकास कोई भी कर सकता है बशर्ते भू माफिया आपकी पार्टी में ना हों और समाजविरोधी तत्व ना हों। अगर ऐसी पार्टी तो विकास किया जा सकता है। शाह ने तंज कसा कि अखिलेश को ये सब विरासत में मिला है, इसमें सुधार नहीं हो सकता। बीजेपी जिन जिन राज्यों में सत्ता में आई, वहां कानून व्यवस्था के आंकडे सबसे अच्छे हैं। शाह ने कहा कि जब तक यूपी का विकास नहीं होता, देश का विकास नहीं हो सकता। जीडीपी दर दोहरे अंक में तभी पहुंच सकती है, जब उत्तर प्रदेश विकास का इंजन बने।