1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. खली से भी महाबली पुलिसवाला, इनके सामने न करना ये गलती....

खली से भी महाबली पुलिसवाला, इनके सामने न करना ये गलती....

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 11, 2017 01:18 pm IST,  Updated : Apr 11, 2017 01:18 pm IST

विश्व रेसलिंग (WWE) में भारत का नाम दुनियाभर में चमकाने वाले दिलीप सिंह राणा उर्फ 'द ग्रेट खली' को तो सभी जानते हैं, लेकिन हम एक ऐसे भारतीय पहलवान के बारे में बता रहे हैं जिनका दावा है कि वे उनसे भी ज्यादा लंबे हैं।

Rajesh-Khali- India TV Hindi
Rajesh-Khali

नई दिल्ली: विश्व रेसलिंग (WWE) में भारत का नाम दुनियाभर में चमकाने वाले दिलीप सिंह राणा उर्फ 'द ग्रेट खली' को तो सभी जानते हैं, लेकिन हम एक ऐसे भारतीय पहलवान के बारे में बता रहे हैं जिनका दावा है कि वे उनसे भी ज्यादा लंबे हैं। इनका दावा है कि वे 7 फीट 4 इंच लम्बे हैं और उनकी डाईट 4 लीटर दूध, 4 किलो चिकन, 5 किलो फल, 40 अंडे,लगभग 40 चपाती है और हर दो-ढाई घंटे के बाद उन्हें डाइट की जरूरत पड़ती है। कई बार पीछे से देखने पर ये खली की तरह ही दिखते हैं। WWE में जाने से पहले खली पुलिस में नौकरी करते थे, ठीक उसी तरह ये भी ट्रैफिक पुलिस में कांस्टेबल की नौकरी कर रहे हैं।

हम बात कर रहे हैं हरियाणा के अंबाला जिले के गांव दनौरा निवासी राजेश कुमार उर्फ महाबली भीम की। आठ भाई-बहनों में राजेश से इतनी ज्यादा ऊंचाई किसी की नहीं है। राजेश की लंबाई उनके लिए फायदेमंद साबित हो रही है। कुछ समय पहले हरियाणा सरकार ने उन्हें पुलिस में नौकरी दी। दावा किया जा रहा है कि भारत में राजेश की लंबाई तीसरे नंबर पर है तथा पंजाब-हरियाणा का सबसे लंबा व्यक्ति है।

पैट्रोलिंग करते हुए इस जवान के साथ सेल्फी लेने के लिए स्थानीय लोगों व पर्यटकों की लंबी कतार लगी होती है। 14 नंबर की साइज वाले बूट में राजेश पैट्रोलिंग करते हैं और इनके यूनिफार्म के लिए पर्सनल टेलर है। दो साल पहले ही यहां इनकी नियुक्ति हुई थी। डब्ल्यूडब्ल्यूई स्टार द ग्रेट खली से प्रेरित राजेश अपने ट्रैफिक पुलिस करियर को बदलकर कुश्ती के क्षेत्र में कदम रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं ग्रेट खली की सफलता की बराबरी करना चाहता हूं। खली को भी पंजाब पुलिस के साथ पुलिस ऑफिसर के तौर पर नियुक्त किया गया था।‘

पैट्रोलिंग करते हुए जब सड़क पर बाइक सवारों को राजेश बिना हेलमेट के देख लेते हैं तो उन्हें गुस्सा आ जाता है। वे कहते हैं बिना हेलमेट के बाइक ड्राइव करने वाले लोग जानबूझकर अपनी जान खतरे में डालते हैं। वे शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ भी सख्ती से पेश आते हैं।

उन्हें जब भी मौका मिलता है, वे युवाओं को शराब सहित अन्य दूसरे नशे की लत से बचने को प्रेरित करते हैं। हरियाणा पुलिस भी इनकी लंबाई का फायदा लेते हुए जागरूकता अभियान चलाती रहती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत