1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. योगी आदित्यनाथ आज 2:15 बजे लेंगे मुख्‍यमंत्री पद की शपथ

योगी आदित्यनाथ आज 2:15 बजे लेंगे मुख्‍यमंत्री पद की शपथ

 Written By: India TV News Desk
 Published : Mar 19, 2017 08:18 am IST,  Updated : Mar 19, 2017 08:40 am IST

नई दिल्ली: भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के नये मुख्यमंत्री चुने गए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डाक्टर दिनेश शर्मा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। भाजपा विधायक

yogi- India TV Hindi
yogi

नई दिल्ली: भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के नये मुख्यमंत्री चुने गए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डाक्टर दिनेश शर्मा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में बीते शनिवार उनके नाम का ऐलान हुआ। भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने बताया कि योगी आदित्यनाथ को सर्वसम्मति से प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया गया। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और लखनउ के मेयर डाक्टर दिनेश शर्मा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य को प्रदेश का उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब उत्तर प्रदेश में दो उपमुख्यमंत्री बनाये गये हैं। विधायक दल की बैठक में लिए गए फैसले की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि बैठक में किसी दूसरे नाम का प्रस्‍ताव नहीं आया और योगी के नाम का सबने समर्थन किया।

वेंकैया ने कहा, 'विकास हमारा मुख्‍य एजेंडा और सबका साथ सबका विकास ही हमारा नारा है। यूपी की जनता ने लंबे समय तक धर्म के नाम पर और जातिवाद के नाम पर हुई राजनीति को सहन किया है, अब केवल विकास की बात होगी।' उन्‍होंने बताया कि रविवार दोपहर 2:15 बजे योगी आदित्‍यनाथ का शपथग्रहण होगा जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्‍यक्ष अमित शाह भी मौजूद रहेंगे. साथ ही कई राज्‍यों के मुख्‍यमंत्री और पार्टी के संसदीय बोर्ड के सदस्‍य भी मौजूद होंगे।

प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री के ऐलान को लेकर करीब एक हफ्ते का इंतजार खत्म हो गया और विधायक दल की बैठक में आदित्यनाथ को अप्रत्याशित रूप से प्रदेश का नया मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया गया। गोरक्षापीठाधीश्वर आदित्यनाथ की छवि कट्टर हिन्दुत्ववादी नेता की है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने बताया कि योगी ने बैठक में आग्रह किया था कि उन्हें दो और सहयोगी दिये जायें।

उप मुख्यमंत्री बनने के बाद मौर्य ने कहा कि वह भाजपा के सभी विधायकों का आभार प्रकट करते हैं। प्रदेश में सभी वर्गों के विकास के लिये काम किया जाएगा। आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में भाजपा के चौथे और कुल 21वें मुख्यमंत्री होंगे। इससे पहले कल्याण सिंह, रामप्रकाश गुप्ता तथा राजनाथ सिंह प्रदेश की भाजपा सरकारों में मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इनमें से कल्याण सिंह दो बार मुख्यमंत्री रहे हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत