1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Adhir Ranjan Chowdhury: अधीर रंजन चौधरी के बयान से पूरा देश चिंतित, भारत नहीं सहेगा राष्ट्रपति का अपमान: पीयूष गोयल

Adhir Ranjan Chowdhury: अधीर रंजन चौधरी के बयान से पूरा देश चिंतित, भारत नहीं सहेगा राष्ट्रपति का अपमान: पीयूष गोयल

 Edited By: Shashi Rai @km_shashi
 Published : Jul 28, 2022 02:26 pm IST,  Updated : Jul 28, 2022 02:26 pm IST

Adhir Ranjan Chowdhury: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- 'कांग्रेस ने राष्ट्रपति का अपमान किया, इस देश की हर महिला का अपमान किया, देश के आदिवासियों का अपमान किया, इस सदन का अपमान किया।'

Union Minister Piyush Goyal- India TV Hindi
Union Minister Piyush Goyal Image Source : PTI

Highlights

  • भारत नहीं सहेगा राष्ट्रपति का अपमान: पीयूष गोयल
  • कांग्रेस ने राष्ट्रपति का अपमान किया: पीयूष गोयल
  • अधीर रंजन चौधरी ने देश के आदिवासियों का अपमान किया: पीयूष गोयल

Adhir Ranjan Chowdhury: राज्यसभा में सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में एक टिप्पणी को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पर निशाना साधा और कहा कि उनके बयान से पूरा देश चिंतित है। लोकसभा में कांग्रेस के नेता चौधरी की टिप्पणी को लेकर दोनों सदनों में हंगामे के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता गोयल ने कहा, 'कांग्रेस ने राष्ट्रपति का अपमान किया, इस देश की हर महिला का अपमान किया, देश के आदिवासियों का अपमान किया, इस सदन का अपमान किया।' एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर गोयल ने कहा, 'कांग्रेस नेता की टिप्पणी को लेकर आज देश गंभीरता से चिंतित है। राष्ट्रपति का अपमान यह देश नहीं सहेगा।'

'कांग्रेस राष्ट्रपति पद को जाति-पांति में बांधना चाहती'

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से इस विषय पर माफी मांगने की मांग की और सवाल किया, 'क्या कांग्रेस राष्ट्रपति पद को जाति-पांति के दायरे में बांधना चाहती है।' उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस इसे मामूली विषय बता रही है। इससे पहले उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी यह मुद्दा उठाया और टिप्पणी को लैंगिक भेदभावपूर्ण बताया तथा कांग्रेस से देश व राष्ट्रपति से माफी मांगने की मांग की। राज्यसभा में शून्काल के दौरान विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच सीतारमण ने कहा कि ऐसा नहीं है कि यह शब्द गलती से कांग्रेस नेता के मुंह से निकल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने जानबूझकर ऐसा किया है।

'जानबूझकर किया गया अपमान' 

सीतारमण ने कहा कि सभी को पता है कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को राष्ट्रपति कहकर संबोधित किया जाता है। उन्होंने कहा, 'इसलिए मैं समझती ही कि उनके मुंह से गलती से यह शब्द नहीं निकला है। यह जानबूझकर किया गया अपमान है। वह आदिवासी पृष्ठभूमि से आती हैं। देश के एक पिछड़े इलाके से ताल्लुक रखती हैं। विधायक, और मंत्री के रूप में उन्होंने सफलतापूर्वक काम किया है ओर वह एक बहुत ही अच्छी राज्यपाल भी रही हैं। अब राष्ट्रपति के रूप में उनके चयन पर पूरा देश जश्न मना रहा है। ऐसे समय में लोकसभा में कांग्रेस के नेता ने उन्हें ऐसा  कहकर देश की राष्ट्रपति का अपमान किया है। यह अस्वीकार्य है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत