1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी, एक जवान हुआ शहीद

किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी, एक जवान हुआ शहीद

 Published : May 23, 2025 10:42 am IST,  Updated : May 23, 2025 11:09 am IST

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। सुरक्षाबलों ने इलाके में जैश के 4 आतंकवादियों को घेर लिया है। इस ऑपरेशन में एक जवान भी शहीद हो गया है।

किश्तवाड़ में शहीद हुआ जवान।- India TV Hindi
किश्तवाड़ में शहीद हुआ जवान। Image Source : PTI

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में स्थित चतरू क्षेत्र के सिंहपोरा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ लगातार दूसरे दिन भी जारी है। इलाके में 4 आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका है। इस ऑपरेशन में ड्यूटी के दौरान एक जवान शहीद हो गया है। सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम आतंकियों का सफाया करने में जुटी हुई है। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने भी इस इलाके का दौरा किया है और आतंकवाद विरोधी अभियान की समीक्षा की है।

अधिकारियों ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी

किश्तवाड़ के चतरू के सिंहपोरा इलाके में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन के दौरान ड्यूटी के दौरान शहीद हुए जवान की पहचान सिपाही गायकर संदीप पांडुरंग के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के अकोले तहसील के करंडी गांव के रहने वाले थे। अधिकारियों ने शहीद जवान को पुष्पांजलि के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी है।

जैश के 4 आतंकी घिरे

सिंहपोरा-चतरू क्षेत्र में सुरक्षाबलों का बड़ा आतंकवाद विरोधी अभियान जारी है। इस संयुक्त ऑपरेशन को जम्मू-कश्मीर पुलिस की SOG, भारतीय सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा चलाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, इस क्षेत्र में आतंकी संगठन जैश के 4 आतंकियों के घिरे होने की आशंका है। 

सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरा

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों द्वारा घिरा हुआ ये आतंकी समूह वही है, जो हाल ही में इसी क्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ से भाग निकला था। अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और सुरक्षाबल पूरे इलाके को घेरे हुए हैं। बता दें कि इससे पहले शोपियां में बीते 13 मई को लश्कर के 3 आतंकी मारे गए थे। वहीं, 16 मई को त्राल में जैश ए मोहम्मद के 3 आतंकी ढेर कर दिए गए थे। इन आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए थे।

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भीषण मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने जैश के 3-4 आतंकवादियों को घेरा

जम्मू-कश्मीर में इंडिगो की फ्लाइट पर गिरे ओले, विमान का अगला हिस्सा टूटा, श्रीनगर में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।