गर्मियों में तेज धूप और पसीने की वजह से स्किन पर टैनिंग और डलनेस की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में हल्दी आइस क्यूब त्वचा को नेचुरल ग्लो देने में मदद कर सकते हैं। हल्दी में मौजूद एंटी-बैक्टीरियल और एंटीऑक्सीडेंट गुण स्किन को साफ और फ्रेश रखने में सहायक होते हैं। नियमित रूप से इसका इस्तेमाल करने से टैनिंग कम करने और चेहरे को ठंडक पहुंचाने में मदद मिल सकती है।
हल्दी आइस क्यूब लगाने से मिलते हैं ये फायदे
-
टैनिंग और सूजन होता है कंट्रोल: बर्फ की ठंडक त्वचा की लालिमा और जलन को तुरंत शांत करती है, जबकि हल्दी में मौजूद 'करक्यूमिन' एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुणों के कारण सूजन को तेजी से कम करने में मदद करता है। यह कॉम्बिनेशन टैनिंग को कम करने और धूप से बेजान हुई त्वचा की रंगत को सुधारने में फायदेमंद है।
-
कील-मुंहासों से राहत: हल्दी में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण होते हैं, जो पिंपल पैदा करने वाले बैक्टीरिया को खत्म करते हैं। इसके नियमित इस्तेमाल से डार्क स्पॉट्स और हाइपरपिगमेंटेशन हल्के होते हैं, जिससे त्वचा का रंग एक समान होता है। यह फाइन लाइन्स और झुर्रियों को रोकने में मदद करता है।
-
नेचुरली चमक मिलती है: हल्दी आइस क्यूब लगाने से चेहरे में रक्त संचार बढ़ता है, जिससे चेहरे पर इंस्टेंट ग्लो आता है। दरअसल, बर्फ और हल्दी का यह कॉम्बिनेशन त्वचा के खुले पोर्स को टाइट करता है और ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाकर चेहरे पर प्राकृतिक निखार लाता है।
कैसे बनाएं?
1 बड़ा चम्मच कस्तूरी हल्दी लें और उसमें आधा कप पानी और 2 बड़े चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं। आप पानी की जगह गुलाब जल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आपकी त्वचा ड्राई है, तो नमी बढ़ाने के लिए इसमें 1 बड़ा चम्मच कच्चा दूध या शहद मिला लें। अब इस मिश्रण को एक आइस ट्रे में डालें।
कैसे करें इस्तेमाल?
हल्दी आइस को सीधे अपने चेहरे पर न रगड़ें। ऐसा करने से 'आइस बर्न'हो सकता है। इसके बजाय, हल्दी वाला एक क्यूब निकालें और उसे कॉटन के किसी पतले, साफ़ कपड़े में लपेट लें। इसे राउंड शेप में धीरे-धीरे अपने चेहरे पर मालिश करें। इसे लगातार घुमाते रहें, और अपनी आँखों के नीचे की सूजन वाली जगहों या मुँहासों वाली जगहों पर ज़्यादा ध्यान दें। ऐसा सिर्फ़ 1 से 2 मिनट तक करें।