गर्मागर्म चाय के साथ प्याज के पकौड़े खाने का मजा ही कुछ और है। अगर शाम को स्नैक्स में कभी-कभी आपका भी प्याज के पकौड़े खाने का मन करता है, तो आपको इस रेसिपी को नोट कर लेना चाहिए। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि प्याज के पकौड़े बनाने के लिए आपको 4-5 प्याज कटे हुए, 4-5 हरी मिर्च कटी हुई, एक चम्मच अजवाइन, नमक स्वाद अनुसार, एक चम्मच हल्दी पाउडर, एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चम्मच धनिया पाउडर, एक कप बेसन और आवश्यकता अनुसार तेल की जरूरत पड़ेगी।
पहला स्टेप- सबसे पहले आपको प्याज को छीलकर काट लेना है। अब एक कटोरे में कटे हुए प्याज के साथ नमक को मिक्स कर लीजिए और लगभग 5-10 मिनट के लिए छोड़ दीजिए।
दूसरा स्टेप- 5 से 10 मिनट के अंदर जब प्याज सारा पानी छोड़ दे, तब आपको इस पानी में हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और बेसन को अच्छी तरह से मिला लेना है।
तीसरा स्टेप- अगर आपको पानी कम लग रहा हो, तो आप थोड़ा पानी एड भी कर सकते हैं। इसके बाद कढ़ाई में तेल को गर्म कर लीजिए।
चौथा स्टेप- गर्म तेल में इस मिक्सचर से प्याज के पकौड़े बनाकर डालिए। आपको प्याज के पकौड़ों को तब तक पलट-पलटकर फ्राई करना है, जब तक इनका कलर गोल्डन न हो जाए।
पांचवां स्टेप- जब सारे प्याज के पकौड़े अच्छी तरह से फ्राई हो जाएं, तब आप गैस बंद कर सकते हैं।
छठा स्टेप- इसके बाद एक प्लेट में नैपकिन बिछा लीजिए और फिर सभी प्याज के पकौड़ों को इस नैपकिन पर निकाल लीजिए।
महज 20 मिनट के अंदर आपके गर्मागर्म कुरकुरे प्याज के पकौड़े सर्व करने के लिए तैयार हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी प्याज के पकौड़े खूब चाव के साथ खाएंगे। आप प्याज के पकौड़ों को गर्मागर्म चाय या फिर टोमैटो सॉस या फिर हरी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।