1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में Coronavirus संक्रमितों की तादाद 5 हजार के करीब, 252 की मौत

इंदौर में Coronavirus संक्रमितों की तादाद 5 हजार के करीब, 252 की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 08, 2020 01:58 pm IST,  Updated : Jul 08, 2020 01:58 pm IST

देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में पाबंदियों में लगातार ढील दिये जाने के बीच पिछले साढ़े तीन महीने के दौरान जिले में इस महामारी के कुल 4,998 मरीज मिले हैं, जबकि इनकी मृत्यु दर लम्बे समय से राष्ट्रीय औसत के मुकाबले ज्यादा बनी हुई है।

Indore's Covid-19 death toll climbs to 252, cases rise to 4,998- India TV Hindi
Indore's Covid-19 death toll climbs to 252, cases rise to 4,998 Image Source : PTI

इंदौर: देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में पाबंदियों में लगातार ढील दिये जाने के बीच पिछले साढ़े तीन महीने के दौरान जिले में इस महामारी के कुल 4,998 मरीज मिले हैं, जबकि इनकी मृत्यु दर लम्बे समय से राष्ट्रीय औसत के मुकाबले ज्यादा बनी हुई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने बुधवार को बताया, "हमें जिले में 24 मार्च से लेकर अब तक कुल 96,090 नमूनों की जांच में कोविड-19 के 4,998 मरीज मिले हैं।"

Related Stories

सीएमएचओ ने यह भी बताया कि जिले में अब तक इस महामारी की चपेट में आकर 252 लोग दम तोड़ चुके हैं, जबकि 3,871 लोग इलाज के बाद इस महामारी के संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। सरकारी आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि जिले में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर बुधवार सुबह लगभग पांच फीसद थी, जबकि इसका राष्ट्रीय औसत 2.78 प्रतिशत के स्तर पर था।

इस बीच, जिले में कोविड-19 से बचाव के लिये प्रशासन की लागू पाबंदियों में ढील दिये जाने का क्रम जारी है और सड़कों, सार्वजनिक स्थानों एवं कार्यस्थलों में लोगों की भीड़ दिखायी दे रही है। प्रशासन की हरी झंडी के बाद जिले में पान की दुकानें बुधवार से दोबारा खुल गयीं। अधिकारियों ने इस सिलसिले में जारी आदेश के हवाले से बताया कि ये दुकानें सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक खोली जा सकेंगी।

हालांकि, ग्राहकों को इन दुकानों के पास खड़े होकर पान, सिगरेट आदि सामग्री के सेवन की अनुमति नहीं है। वे इन चीजों को दुकानदार से पैक कराते हुए अपने साथ ले जा सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 से बचाव के उपाय के तौर पर दुकानदार पान लगाने के लिये अपनी अंगुली का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे और इसके लिये धातु के किसी औजार की मदद लेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।