1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में कोरोना के आगे पाबंदियां फेल! 66191 नए केस मिले, 832 मरीजों की मौत

महाराष्ट्र में कोरोना के आगे पाबंदियां फेल! 66191 नए केस मिले, 832 मरीजों की मौत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 25, 2021 11:23 pm IST,  Updated : Apr 25, 2021 11:44 pm IST

महाराष्ट्र में कड़ी पाबंदियां लगाए जाने के बाद भी कोरोना वायरस संक्रमण कंट्रोल होता नजर नहीं आ रहा है।

महाराष्ट्र में कोरोना के आगे पाबंदियां फेल! 66191 नए केस मिले, 832 मरीजों की मौत- India TV Hindi
महाराष्ट्र में कोरोना के आगे पाबंदियां फेल! 66191 नए केस मिले, 832 मरीजों की मौत Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र में कड़ी पाबंदियां लगाए जाने के बाद भी कोरोना वायरस संक्रमण कंट्रोल होता नजर नहीं आ रहा है। रविवार को राज्य में कोरोना वायरस के 66,191 नए पॉजिटिव केस मिले। वहीं, पिछले 24 घंटे में 832 मरीजों की संक्रमण के कारण मौत हो गई। हालांकि, इसी दौरान 61,450 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी है।

राज्य स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि फिलहाल, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 6,98,354 एक्टिव केस हैं जबकि कुल 35,30,060 लोग कोरोना को हराकर ठीक हो गए हैं, जिन्हें अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। राज्य में अभी 82.19% रिकवरी रेट है। विभाग ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस से अभी तक कुल 64,760 लोगों की मौत चुकी है।

वहीं, पूणे में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 10,193 नए पॉजिटिव केस मिले जबकि 139 मरीजों की मौत हो गई। हालांकि, एक अच्छी बात यह रही कि रविवार को यहां 10,607 लोग कोरोना वायरस का मात देकर ठीक हो गए। जिले में अभी तक कुल 7,93,186 केस मिले, 1,01,714 एक्टिव हैं, कुल 6,79,335 लोग ठीक हो गए और 12,306 की मौत हो गई।

महाराष्ट्र में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का निशुल्क टीकाकरण 

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री नवाब मलिक ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार 45 वर्ष से कम उम्र के वयस्क नागरिकों को निशुल्क कोविड -19 रोधी टीका लगवाने के लिए वैश्विक टेंडर निकालेगी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए, मलिक ने कहा कि टीकाकरण अभियान एक मई से शुरू होगा और इसके लिए राज्य सरकार के कोष का इस्तेमाल किया जाएगा। 

उन्होंने कहा, “ किफायती और गुणवत्ता पूर्ण टीका खरीदने के लिए वैश्विक टेंडर निकाला जाएगा।” मलिक ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक मई से 18 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों के टीकाकरण की शुरुआत करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा, “ यह स्पष्ट है कि केंद्र 45 वर्ष से कम आयु के लोगों के लिए टीकाकरण प्रदान नहीं करेगा और यह राज्यों द्वारा किया जाएगा।” 

मंत्री ने कहा कि कोविशिल्ड टीका केंद्र को 150 रुपये प्रति इंजेक्शन पर उपलब्ध होगा, जबकि राज्य सरकार के लिए निर्धारित दर 400 रुपये प्रति खुराक है और निजी अस्पतालों में यह 600 रुपये प्रति खुराक है। उन्होंने कहा कि कोवैक्सीन की कीमत राज्यों के लिए प्रति खुराक 600 रुपये है और निजी अस्पतालों के लिए 1,200 रुपये प्रति खुराक है। 

मलिक ने कहा, "पिछली कैबिनेट बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी और 45 साल से कम उम्र के लोगों के लिए मुफ्त टीकाकरण पर सहमति बनी थी। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे इसके लिए सहमत हो गए हैं।" महाराष्ट्र में शिवसेना नीत महा विकास आघाडी सरकार में राकांपा भी एक घटक है। 

शनिवार को, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा था कि महाराष्ट्र सरकार कोविड-19 टीके और रेमडेसिवीर इंजेक्शन के लिए एक वैश्विक टेंडर जारी करेगी। 

इस बीच मलिक ने महाराष्ट्र को रेमडेसिविर इंजेक्शन की आपूर्ति बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया और कहा कि 26000 इंजेक्शन प्रति दिन से बढ़ाकर 40,000 प्रति दिन करने से अहम दवा की किल्लत कुछ दिनों में दूर हो जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।